आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने राज्य सरकार पर जनसरोकार के मुद्दों को लेकर निशाना साधा। बारी को-ऑपरेटिव सामुदायिक भवन में आयोजित मिलन समारोह में उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकार से सवाल करना जनता का अधिकार है और राजनीतिक दलों का दायित्व भी। उन्होंने कहा कि झारखंड में आम लोगों और मतदाताओं से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने वाली राजनीतिक आवाज कमजोर पड़ रही है।
सुदेश महतो ने कहा कि सत्ता किसी व्यक्ति या समूह की निजी संपत्ति नहीं है। सरकार की योजनाओं और प्रशासनिक व्यवस्था की असली कसौटी यह है कि उनका लाभ आम नागरिक तक कितना पहुंच रहा है। अधिकारियों की कार्यक्षमता का आकलन राजनीतिक पहुंच के आधार पर नहीं, बल्कि काम की गुणवत्ता और समस्याओं के समाधान से होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि गरीब और साधनहीन लोगों के लिए प्रखंड से लेकर राज्य स्तर तक अपनी बात रखना अब भी मुश्किल है। प्रभावशाली लोगों की समस्याओं पर तेजी से कार्रवाई और सामान्य नागरिक की शिकायतों की अनदेखी जैसी स्थितियां व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं।
शिक्षा-स्वास्थ्य की जमीनी स्थिति पर सवाल
आजसू अध्यक्ष ने सरकारी स्कूलों और स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति को लेकर भी सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने पूछा कि ग्रामीण स्कूलों में पढ़ाई नियमित और गुणवत्तापूर्ण है या नहीं तथा स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टर, दवा और जांच की सुविधा उपलब्ध है या नहीं।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य कार्ड और सरकारी योजनाओं का लाभ तभी सार्थक है, जब जरूरतमंद को अस्पताल पहुंचने पर समय पर डॉक्टर, जांच, दवा और इलाज मिले। केवल योजनाओं और कवरेज के आंकड़े बताने से मरीज की समस्या हल नहीं होती।
सुदेश महतो ने कहा कि सरकार के कामकाज का मूल्यांकन प्रचार से नहीं, बल्कि जनता के अनुभव से होना चाहिए। सत्ता का मतलब केवल अधिकार नहीं, बल्कि लोगों के प्रति जवाबदेही भी है।
सैकड़ों युवाओं ने ली आजसू की सदस्यता
समारोह के दौरान सैकड़ों युवाओं और महिलाओं ने आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी नेताओं ने नए सदस्यों का माला और बुके देकर स्वागत किया।
कार्यक्रम में गोमिया के पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो, डुमरी विधानसभा प्रभारी यशोदा देवी, अध्यक्ष सचिन महतो, नरेंद्र कुमार महतो, बेरमो विधानसभा प्रभारी काशीनाथ सिंह, केंद्रीय सचिव संतोष कुमार महतो व नमन ठाकुर, केंद्रीय मीडिया संयोजक परवाज़ खान समेत कई नेता मौजूद रहे।सदस्यता लेने वालों में संदीप चौधरी, रोशन कुमार, हेमंत, विकास, विशाल, अविनाश कुमार सिंह, अभिषेक सिंह, सोनू महतो, उत्तम मुखर्जी, पूर्व वार्ड पार्षद आलोक, उत्तम कुमार पांडे, शशि कुमार झा और सौरभ पटेल समेत कई लोग शामिल रहे।