सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ मैराथन अव्यवस्था के कारण विवादों में घिर गई। दौड़ शुरू होने के निर्धारित समय से पहले ही बिना आधिकारिक संकेत के प्रतियोगिता शुरू करा दिए जाने से प्रतिभागियों में नाराजगी फैल गई। देखते ही देखते विरोध ने उग्र रूप ले लिया और कार्यक्रम स्थल पर जमकर हंगामा हुआ।

जानकारी के मुताबिक, नैनी क्षेत्र में भाजपा यमुनापार इकाई की ओर से आयोजित इस मैराथन में करीब 5 से 6 हजार लोगों ने हिस्सा लिया था। दौड़ अभिनंदन गेस्ट हाउस से शुरू होकर सच्चा बाबा आश्रम तक पहुंचनी थी। आयोजन की जिम्मेदारी पूर्व विधायक रामसेवक पटेल के बेटे और भाजपा जिला उपाध्यक्ष डॉ. देवी सिंह पटेल संभाल रहे थे।
प्रतियोगिता सुबह सात बजे शुरू होनी थी, लेकिन आरोप है कि निर्धारित समय से पहले ही दौड़ शुरू कर दी गई। इसके अलावा प्रतिभागियों ने आयोजन व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। इससे नाराज लोगों ने कार्यक्रम स्थल पर रखी कुर्सियां तोड़ दीं और मंच पर चढ़कर विरोध जताया। इस दौरान मंच पर रखे प्रमाणपत्रों को भी उठा लिया गया।
हंगामे के बीच आक्रोशित प्रतिभागियों ने आयोजक डॉ. देवी सिंह पटेल को घेर लिया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद पुलिसकर्मियों ने उन्हें भीड़ से बाहर निकाला और सुरक्षा के लिहाज से थाने पहुंचाया।
मैराथन में विजेता को 11 हजार रुपये और उपविजेता को 7 हजार रुपये की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की गई थी। हालांकि, विवाद और अव्यवस्था के बावजूद बाद में विजेताओं को पुरस्कार राशि वितरित की गई।
हैदराबाद से विश्वनाथ देहाती की रिपोर्ट









