आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में एकतरफा प्यार का खौफनाक मामला सामने आया है। रफ्ताडू मंडल स्थित जिला परिषद हाई स्कूल में एक युवक ने दसवीं की छात्रा पर आरा मशीन से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई है और अस्पताल में उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। बीच-बचाव करने पहुंची एक अन्य छात्रा भी घायल हुई है।

प्रारंभिक जांच के मुताबिक, आरोपी छात्रा का दूर का रिश्तेदार है और काफी समय से उसे परेशान कर रहा था। छात्रा ने उसे दूर रहने की चेतावनी दी थी और इसकी जानकारी अपने माता-पिता को भी दी थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपी स्कूल में घुसा और कक्षा के भीतर छात्रा पर हमला कर फरार हो गया।
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने वारदात पर कड़ी नाराजगी जताते हुए छात्रा को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दिलाने के निर्देश दिए हैं। शिक्षा मंत्री एन. लोकेश ने भी घटना की निंदा की है।
हैदराबाद से विश्वनाथ देहाती की रिपोर्ट









