झारखंड के पलामू जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला पुलिस जवान बबीता कुमारी की जान चली गई। वह झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) की ड्यूटी के लिए परीक्षा केंद्र जा रही थीं। इसी दौरान छतरपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

बबीता कुमारी छतरपुर महिला थाना में तैनात थीं। JTET परीक्षा के मद्देनजर उनकी ड्यूटी सतबरवा क्षेत्र में लगाई गई थी। रविवार सुबह परीक्षा केंद्र जाते समय यह हादसा हुआ।
सूचना मिलते ही छतरपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी सौरव चौबे ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाने में जुटी है।
बबीता छतरपुर थाना क्षेत्र के बारा गांव की रहने वाली थीं। हादसे की खबर मिलते ही पुलिसकर्मी और उनके परिजन मौके पर पहुंच गए। अज्ञात वाहन की पहचान और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों ने सड़क जाम कर दिया। वहीं, पुलिस मेन्स एसोसिएशन के सुशील सिन्हा और जयप्रकाश पुरी ने जवान की मौत पर शोक जताया है।









