उत्तराखंड के जोशीमठ और बद्रीनाथ के बीच शुक्रवार दोपहर ट्रांस भारत एविएशन का हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के वक्त उसमें पायलट समेत छह लोग सवार थे। सेना और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुर्घटना की पुष्टि की है।

जानकारी के मुताबिक, हेलिकॉप्टर ने दोपहर करीब 1:14 बजे बद्रीनाथ से देहरादून के सहस्रधारा के लिए उड़ान भरी थी। जोशीमठ घाटी के ऊपर पहुंचने के बाद उसका संपर्क टूट गया और ट्रैकिंग सिस्टम पर भी लोकेशन मिलनी बंद हो गई। इसके बाद पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें मौके के लिए रवाना हुईं।
रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी SDRF
SDRF की टीम दुर्गम पहाड़ी इलाके में पहुंचकर राहत और बचाव अभियान चला रही है। डीएसपी मदन सिंह बिष्ट के मुताबिक, घटना की जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदकिशोर जोशी ने बताया कि जेपी डैम के ऊपर जंगल में सफेद रंग की किसी वस्तु में आग लगने की सूचना मिली थी। जांच के लिए दूसरे हेलिकॉप्टर भी भेजे गए।
पायलट समेत पांच यात्री थे सवार
हेलिकॉप्टर में कैप्टन हिमांशु के अलावा प्रतापा, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के. और एचएस नटराज सवार थे। हादसे के बाद एहतियातन ट्रांस भारत एविएशन के सभी हेलिकॉप्टरों की उड़ानों पर रोक लगा दी गई है।
गौरतलब है कि उत्तराखंड में इन दिनों कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी हो रही है। केंद्र सरकार के आंकड़ों के अनुसार, 2020 से जुलाई 2025 तक राज्य में सात हेलिकॉप्टर हादसों में 21 लोगों की मौत हुई थी। हालांकि, शुक्रवार को हुए हादसे का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।









