Home » बचपन में पिता को खोया, मां ने संघर्षों के बीच दिलाई शिक्षा; राज्यपाल ने छात्रों को सुनाई अपनी कहानी

बचपन में पिता को खोया, मां ने संघर्षों के बीच दिलाई शिक्षा; राज्यपाल ने छात्रों को सुनाई अपनी कहानी

by उर्वशी शेखर
0 comments

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने विद्यार्थियों को बताया कि मुश्किल परिस्थितियां सफलता की राह नहीं रोक सकतीं। सोमवार को लोक भवन में गंगा प्रसाद बुधिया सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, मोरहाबादी के छात्रों और श्री शिव नारायण मारवाड़ी कन्या मध्य विद्यालय की छात्राओं से संवाद के दौरान उन्होंने अपने जीवन के संघर्ष साझा किए और मेहनत, लगन व आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

राज्यपाल ने बताया कि जब वे महज एक वर्ष के थे, तभी उनके पिता का निधन हो गया था। इसके बाद उनकी मां ने कठिन परिस्थितियों में उनका पालन-पोषण किया और शिक्षा दिलाई। उन्होंने कहा कि सामान्य पृष्ठभूमि से आने के बावजूद दृढ़ इच्छाशक्ति और परिश्रम के बल पर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। विद्यार्थियों को अच्छे विद्यालयों में पढ़ने का अवसर मिला है, इसलिए उन्हें इसका पूरा लाभ उठाना चाहिए।

Advertisement 1
Advertisement 2
Advertisement 3
Advertisement 4
Advertisement 5
Advertisement 5
Advertisement 5
Advertisement 5

उन्होंने पढ़ाई के दौरान किसी विषय में परेशानी होने पर शिक्षकों और सहपाठियों से सवाल पूछने की सलाह दी। साथ ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के जीवन का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रतिभा, मेहनत और संकल्प के दम पर कोई भी व्यक्ति ऊंचा मुकाम हासिल कर सकता है। बच्चों से उन्होंने अपने सपनों को सीमित नहीं रखने और अच्छे नागरिक बनने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने विद्यार्थियों को लोक भवन के उद्यान का भ्रमण कराया। उन्होंने वहां मौजूद कल्पतरु, रुद्राक्ष और सिंदूर समेत विशिष्ट पौधों की जानकारी भी दी।

You may also like

Leave a Comment