Home » संथाल बेटियों को पैतृक संपत्ति से बेदखल नहीं कर सकते, झारखंड HC ने 41 साल पुराने विवाद में सुनाया अहम फैसला

संथाल बेटियों को पैतृक संपत्ति से बेदखल नहीं कर सकते, झारखंड HC ने 41 साल पुराने विवाद में सुनाया अहम फैसला

by उर्वशी शेखर
0 comments

झारखंड हाईकोर्ट ने संथाल आदिवासी समाज की महिलाओं के पैतृक संपत्ति में अधिकार को लेकर महत्वपूर्ण कानूनी व्यवस्था दी है। अदालत ने साफ किया है कि संथाल परंपरा का हवाला देकर बेटियों को पिता की संपत्ति में हिस्सेदारी से वंचित नहीं किया जा सकता। यदि कोई पक्ष किसी प्रथा के आधार पर महिला के उत्तराधिकार के अधिकार को चुनौती देता है, तो उसे अदालत में यह प्रमाणित करना होगा कि संबंधित परंपरा लंबे समय से प्रचलित होने के साथ अनिवार्य रूप से लागू भी रही है।

चीफ जस्टिस एमएस सोनक और जस्टिस राजेश शंकर की खंडपीठ ने 27 पन्नों के फैसले में कहा कि किसी सामाजिक मान्यता को केवल पुरानी परंपरा बताकर कानूनी अधिकारों पर रोक लगाने का आधार नहीं बनाया जा सकता। इसी के साथ अदालत ने जामताड़ा जिले के कुंडहित प्रखंड स्थित तुर्का गांव के करीब चार दशक पुराने भूमि विवाद में प्रथम अपीलीय अदालत के फैसले को बरकरार रखा। इससे संबंधित महिला का पूरी पैतृक संपत्ति पर मालिकाना हक कायम रहेगा।

Advertisement 2
Advertisement 2
Advertisement 3
Advertisement 5
Advertisement 5
Advertisement 5
Advertisement 5

1985 से चल रहा था पैतृक जमीन का विवाद

इस मामले की शुरुआत वर्ष 1985 में हुई थी। तुर्का गांव की एक संथाल महिला ने अपने पिता की संपत्ति के दो हिस्सों (शेड्यूल A और B) पर मालिकाना हक और कब्जे की मांग करते हुए टाइटल सूट दायर किया था।

5 अक्टूबर 1996 को ट्रायल कोर्ट ने महिला के दावे को आंशिक रूप से स्वीकार करते हुए उसे कुल संपत्ति में एक-तिहाई हिस्से का हकदार माना। इस फैसले से असंतुष्ट महिला ने प्रथम अपीलीय अदालत का दरवाजा खटखटाया। 4 मार्च 2006 को अपीलीय अदालत ने निचली अदालत के निर्णय में बदलाव करते हुए महिला को पूरी पैतृक संपत्ति का मालिक घोषित कर दिया।

इसके खिलाफ सनातन हेम्ब्रम और अन्य प्रतिवादियों ने वर्ष 2006 में हाईकोर्ट में द्वितीय अपील दाखिल की। इस दौरान करण मुर्मू बनाम नारायण सोरेन मामले में एकल पीठों के अलग-अलग फैसलों के कारण कानूनी स्थिति पर असमंजस पैदा हुआ। अंततः मामले को व्यापक विचार के लिए खंडपीठ के समक्ष भेजा गया।

परंपरा का दावा करने वालों को ही देना होगा प्रमाण

सुनवाई के दौरान अपीलकर्ताओं के अधिवक्ता जय प्रकाश झा ने दलील दी कि तुर्का गांव की संथाल परंपरा में बेटियों को पैतृक संपत्ति का उत्तराधिकारी नहीं माना जाता। उनके अनुसार, केवल घरजमाई विवाह की स्थिति में ही बेटी को संपत्ति में अधिकार मिल सकता है।

दूसरी ओर, महिला की तरफ से अधिवक्ता अतानु बनर्जी और एमिकस क्यूरी सुमीत गड़ोदिया ने इस दलील का विरोध किया। उन्होंने बदलते सामाजिक परिवेश और सुप्रीम कोर्ट के मधु किश्वर बनाम बिहार राज्य मामले का हवाला देते हुए महिलाओं के संपत्ति संबंधी अधिकारों का पक्ष रखा।

खंडपीठ ने सुप्रीम कोर्ट के लक्ष्मीबाई बनाम भगवंतबुवा फैसले का उल्लेख करते हुए कहा कि किसी प्रथा को कानूनी मान्यता दिलाने के लिए उसे प्राचीन, निश्चित, उचित और लगातार प्रचलित होना साबित करना जरूरी है। इसका प्रमाण देने की जिम्मेदारी उसी पक्ष की होगी, जो ऐसी परंपरा के आधार पर किसी के अधिकार को सीमित करना चाहता है।

13 गवाहों और राजस्व दस्तावेजों ने मजबूत किया महिला का दावा

अदालत ने पाया कि वादी पक्ष ने 13 गवाहों और राजस्व संबंधी दस्तावेजों के जरिए यह साबित किया कि संथाल समाज में बेटियों को भी पैतृक संपत्ति में हिस्सा मिलने के उदाहरण मौजूद हैं। ऐसे में अपीलकर्ताओं की ओर से प्रस्तुत परंपरा संबंधी दलील को स्वीकार करने का पर्याप्त आधार नहीं था।

खंडपीठ ने यह भी स्पष्ट किया कि करण मुर्मू बनाम कमिश्नर, संथाल परगना (2004) मामले में की गई टिप्पणी को सभी मामलों पर लागू होने वाला सार्वभौमिक नियम नहीं माना जा सकता। इसके विपरीत, नारायण सोरेन बनाम रंजन मुर्मू (2008) के फैसले में सामने आई कानूनी स्थिति इस विवाद में प्रासंगिक है।

अदालत ने घरजमाई विवाह और दूसरे गांव में रहने जैसे तर्कों को भी महिला के संपत्ति अधिकार से वंचित करने के लिए पर्याप्त नहीं माना। इस तरह हाईकोर्ट ने 4 मार्च 2006 के प्रथम अपीलीय अदालत के फैसले को कायम रखते हुए महिला के पूरे पैतृक संपत्ति पर मालिकाना हक को बरकरार रखा।

यह फैसला संथाल समुदाय में महिलाओं के उत्तराधिकार अधिकारों से जुड़े विवादों के लिए महत्वपूर्ण कानूनी नजीर माना जा रहा है।

You may also like

Leave a Comment