झारखंड पुलिस के अधिकारियों और जवानों के स्थानांतरण, प्रोन्नति तथा शिक्षा कोष से आर्थिक सहायता के आवेदन लंबे समय से लंबित हैं। इससे पुलिसकर्मियों में असंतोष बढ़ रहा है। झारखंड पुलिस एसोसिएशन की गुमला शाखा ने इस मामले में केंद्रीय नेतृत्व से हस्तक्षेप कर जल्द कार्रवाई की मांग की है।

शाखा के संयुक्त सचिव मो. इसहाक अंसारी ने रांची स्थित केंद्रीय कार्यालय के प्रांतीय अध्यक्ष और महामंत्री को पत्र लिखकर तीन प्रमुख समस्याओं की ओर ध्यान दिलाया है। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों का समाधान नहीं होने से जिला स्तर के पदाधिकारियों को भी सदस्यों की नाराजगी का सामना करना पड़ रहा है।
एसोसिएशन के अनुसार, दो वर्ष से कम सेवा अवधि शेष रहने वाले और गंभीर बीमारियों से पीड़ित कई पुलिसकर्मियों ने स्थानांतरण के लिए पुलिस मुख्यालय को आवेदन दिया था। इसके बावजूद निर्णय नहीं लिया गया। कुछ कर्मी तबादले की प्रतीक्षा में ही सेवानिवृत्त हो गए। इसी तरह, उग्रवाद प्रभावित जिलों में 11 वर्षों से अधिक समय से तैनात कर्मियों के स्थानांतरण का मामला भी लंबित है।
दो साल से प्रोन्नति का इंतजार
सहायक अवर निरीक्षक से पुलिस अवर निरीक्षक के पद पर प्रोन्नति की प्रक्रिया भी करीब दो वर्षों से अटकी हुई है। इस दौरान कई पदाधिकारी बिना पदोन्नति के सेवानिवृत्त हो चुके हैं।
शिक्षा कोष से आर्थिक सहायता के लिए दिए गए आवेदनों का भुगतान नहीं होने पर भी एसोसिएशन ने चिंता जताई है। संगठन का कहना है कि इस कोष में पुलिसकर्मियों के वेतन से नियमित अंशदान काटा जाता है। इसके बावजूद जरूरतमंद सदस्यों को राशि मिलने में देरी हो रही है।
गुमला शाखा ने केंद्रीय नेतृत्व से सभी लंबित मामलों में हस्तक्षेप कर नियमानुसार शीघ्र निर्णय कराने का आग्रह किया है, ताकि पुलिसकर्मियों को राहत मिल सके।








