मुंगेर के बेटवन बाजार में शनिवार रात प्रमोशन के जश्न में आयोजित एक पार्टी अचानक गोलीबारी की घटना में तब्दील हो गई। आरोप है कि शराब के नशे में पार्टी में शामिल कुछ लोगों ने सुरक्षा गार्ड की लाइसेंसी दोनाली बंदूक से करीब छह राउंड फायरिंग कर दी। लगातार गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, नवादा निवासी सुधांशु सहाय के एडिशनल ब्रांच मैनेजर बनने की खुशी में उनके बेटवन बाजार स्थित आवास पर शनिवार रात समारोह रखा गया था। पार्टी में राहुल कुमार साहनी, अंकित कुमार, शशांक शेखर, पड़ोसी आशीष कुमार समेत कई लोग मौजूद थे। पुलिस के अनुसार, इनमें कुछ लोग ICICI बैंक से जुड़े हुए हैं।
सुरक्षा गार्ड की बंदूक से फायरिंग का आरोप
पार्टी के दौरान शराब और खाने-पीने का दौर चल रहा था। इसी बीच सुरक्षा ड्यूटी में तैनात गार्ड रामबली की लाइसेंसी दोनाली बंदूक किसी तरह पार्टी वाले मकान तक पहुंच गई। आरोप है कि इसी हथियार से खिड़की के पास से लगभग छह गोलियां चलाई गईं।
फायरिंग की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों में भय का माहौल बन गया। सूचना मिलने के बाद कासिम बाजार थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।

बंदूक, खोखे और कारतूस बरामद
पुलिस ने घटनास्थल और आरोपियों से जुड़ी तलाशी के दौरान दोनाली बंदूक, छह खाली खोखे और 14 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। हालांकि, गोली चलाने वाले व्यक्ति की पहचान और हथियार पार्टी तक पहुंचने की पूरी परिस्थितियां अभी जांच का विषय बनी हुई हैं।
मुंगेर के एसपी सैयद इमरान मसूद के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए लोगों का संबंध ICICI बैंक से बताया गया है। प्रारंभिक जांच में शराब के नशे में हर्ष फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है।
अब पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि सुरक्षा ड्यूटी में इस्तेमाल होने वाली लाइसेंसी बंदूक पार्टी में किस तरह पहुंची और उससे फायरिंग किसने की। साथ ही, सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े अन्य लोगों की संभावित भूमिका की भी जांच की जा रही है।