Home » मधुबनी में पुलिसकर्मी की फायरिंग से युवक की मौत, तीन घायल; आरोपी SI फरार

मधुबनी में पुलिसकर्मी की फायरिंग से युवक की मौत, तीन घायल; आरोपी SI फरार

by उर्वशी शेखर
0 comments

बिहार के मधुबनी जिले में पुलिसकर्मी की कथित फायरिंग से एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए. घटना बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलराजगढ़ गांव की है. आरोप है कि थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर चंद्र मोहन ने सोमवार देर रात ग्रामीणों के साथ विवाद के दौरान अपनी सर्विस पिस्तौल से गोलियां चला दीं. गोली लगने से 50 वर्षीय अशोक यादव की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि दिसंबर में उनकी शादी होने वाली थी.

घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति पैदा हो गई. आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी पुलिस अधिकारी को घेर लिया, लेकिन वह मौके से फरार होने में सफल रहा. हालात संभालने पहुंचे डीएम आनंद शर्मा को भी लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा. इस दौरान भीड़ में शामिल एक महिला ने कथित तौर पर उनका कॉलर पकड़ लिया. घटना से नाराज ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन भी किया.

Advertisement 2
Advertisement 2
Advertisement 3
Advertisement 5
Advertisement 5
Advertisement 5
Advertisement 5

महिला के घर आने-जाने को लेकर ग्रामीणों में था आक्रोश

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बलराजगढ़ गांव में पुलिस पिकेट पर सब इंस्पेक्टर चंद्र मोहन की ड्यूटी थी. ग्रामीणों का आरोप है कि वह पिछले कुछ दिनों से गांव की एक महिला के घर सामान या दूध लेने के बहाने आता-जाता था. इस दौरान महिला के साथ उसके कथित संबंधों की चर्चा गांव में फैल गई थी. इसी बात को लेकर ग्रामीण उससे नाराज थे.

सोमवार देर रात भी सब इंस्पेक्टर के महिला के घर पहुंचने की सूचना पर ग्रामीण वहां जुट गए. उन्होंने घर का दरवाजा खुलवाने की कोशिश की. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी बीच पड़ोस की एक महिला ने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और शोर मचाना शुरू कर दिया. देखते ही देखते वहां बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए.

घिरने के बाद पिस्तौल निकालकर चलाई गोलियां

ग्रामीणों के मुताबिक, खुद को कमरे में घिरा देखकर चंद्र मोहन घबरा गया. इसके बाद उसने अपनी सरकारी पिस्तौल निकालकर खिड़की से बाहर मौजूद लोगों पर फायरिंग शुरू कर दी. प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि उसने पांच से छह राउंड गोलियां चलाईं. गोलीबारी के बाद वह वहां से भाग निकला.

इस घटना में चार ग्रामीणों को गोली लगी. गंभीर रूप से घायल अशोक यादव को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई. अन्य तीन घायलों का इलाज चल रहा है. घटना के बाद से गांव में पुलिस के खिलाफ भारी नाराजगी है.

वारदात के बाद पुलिस विभाग ने सब इंस्पेक्टर चंद्र मोहन को निलंबित कर दिया है. वह फिलहाल फरार है और उसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है. फरार अधिकारी की गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. ग्रामीणों के आरोपों और घटना के दौरान हुई फायरिंग की परिस्थितियों की भी पड़ताल की जा रही है.

You may also like

Leave a Comment