बिहार की राजनीति में मधुबनी के राजनगर से एक विधायक को मिली अंतरराष्ट्रीय जिम्मेदारी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। राजनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुजीत पासवान को रूस में होने वाले संसदीय चुनाव के दौरान अंतरराष्ट्रीय सार्वजनिक चुनाव पर्यवेक्षक के तौर पर आमंत्रित किया गया है। यह निमंत्रण रूसी संघ की सिविक चेंबर की ओर से दिया गया है।
रूस में स्टेट डूमा के लिए संसदीय मतदान 18 से 20 सितंबर 2026 के बीच प्रस्तावित है। चुनाव के दौरान सुजीत पासवान मॉस्को के मुख्य सिचुएशनल सेंटर से अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों और विभिन्न देशों के विशेषज्ञों के साथ चुनावी गतिविधियों का अवलोकन करेंगे। इस भूमिका के तहत वे मतदान की प्रक्रिया, चुनावी प्रबंधन और प्रशासनिक व्यवस्थाओं से जुड़े पहलुओं को प्रत्यक्ष रूप से देखेंगे।

रूसी सिविक चेंबर ने चुनावों में सार्वजनिक निगरानी और पारदर्शिता को लेकर अलग-अलग देशों से जनप्रतिनिधियों, कानून विशेषज्ञों, चुनाव से जुड़े जानकारों और नागरिक समाज के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया है। इसी अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षक समूह का हिस्सा बनने के लिए बिहार के विधायक सुजीत पासवान को भी आमंत्रण मिला है।
मॉस्को में स्थित सिचुएशनल सेंटर में विदेशी प्रतिनिधियों के साथ रहते हुए पासवान रूस की चुनावी व्यवस्था और मतदान प्रक्रिया का निरीक्षण करेंगे। उनके लिए यह जिम्मेदारी बिहार की क्षेत्रीय राजनीति से निकलकर अंतरराष्ट्रीय लोकतांत्रिक प्रक्रिया को करीब से समझने का अवसर भी होगी।
सुजीत पासवान भारतीय जनता पार्टी के विधायक होने के साथ-साथ बिहार भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। रूस के चुनाव में पर्यवेक्षक के रूप में आमंत्रित किए जाने पर उन्होंने इसे व्यक्तिगत उपलब्धि के बजाय बिहार और मिथिलांचल के लिए सम्मान का विषय बताया।

उन्होंने कहा कि वैश्विक लोकतांत्रिक मंच पर भारत की लोकतांत्रिक परंपराओं और बिहार की पहचान का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए सम्मान की बात है। उनके मुताबिक, रूस में चुनावी प्रक्रिया के अंतरराष्ट्रीय अवलोकन के लिए मिला यह अवसर बिहार और मिथिलांचल की प्रतिष्ठा से भी जुड़ा है।