जमीन और लग्जरी फ्लैट में निवेश के नाम पर 9.94 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। विक्रम सिंह और उनकी पार्टनर सोनल भक्ता की शिकायत पर गुजरात के नवसारी निवासी विशाल रंजीत राव और उनकी पत्नी श्रद्धा विशाल राव के खिलाफ सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

ऑनलाइन और नकद मिलाकर दिए 9.94 करोड़
प्राथमिकी के अनुसार, वर्ष 2022 में विक्रम सिंह का परिचय सोनल भक्ता के माध्यम से कारोबारी दंपती से हुआ था। आरोप है कि दंपती ने रांची के नेवरी विकास और मेसरा में जमीन व 4BHK फ्लैट दिखाकर साझा कारोबार का प्रस्ताव दिया।
शिकायतकर्ताओं का दावा है कि उन्होंने विभिन्न कंपनियों और अन्य खातों में पांच करोड़ रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए, जबकि 4.94 करोड़ रुपये नकद दिए। इसके बावजूद उन्हें संपत्ति का कब्जा नहीं मिला और न ही रजिस्ट्री कराई गई।
रकम मांगने पर धमकी का आरोप
शिकायत के मुताबिक, पैसे वापस मांगने पर आरोपियों ने कथित तौर पर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। शिकायतकर्ताओं ने पुलिस और प्रभावशाली लोगों से संबंध होने का हवाला देकर डराने का भी आरोप लगाया है।मामले में पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।






