तेलंगाना के हैदराबाद में बंद मकानों में चोरी करने के आरोप में पुलिस ने 25 वर्षीय पगा जया को गिरफ्तार किया है। उसके पास से करीब 70 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने, नकदी और 17 आईफोन बरामद किए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि वह पांच चोरी की घटनाओं में शामिल थी।

पुलिस के मुताबिक, जया उन घरों को निशाना बनाती थी, जिनके सदस्य बाहर गए होते थे। वह पहचान छिपाने के लिए बुर्का पहनकर पहुंचती और कटर मशीन से दरवाजों व अलमारियों के ताले तोड़कर कीमती सामान चुरा लेती थी। चोरी के तरीके उसने ऑनलाइन वीडियो देखकर सीखे थे। वह अपने पति को भी इन वारदातों की जानकारी नहीं देती थी।
जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी के गहने बेचने के साथ गिरवी भी रखती थी और इससे मिले पैसों से अपने निजी शौक पूरे करती थी। मूल रूप से भद्राद्री-कोठागुडेम जिले की रहने वाली जया ने आर्थिक तंगी के कारण बीटेक की पढ़ाई बीच में छोड़ दी थी। वर्ष 2023 में हैदराबाद आने के बाद 2024 में उसकी शादी हुई।
मंदिर गए परिवार के घर में की थी चोरी
हालिया घटना में जया ने 26 अक्टूबर को गंगम भास्कर रेड्डी के घर को निशाना बनाया था। परिवार के मंदिर जाने के दौरान उसने घर का ताला तोड़कर करीब 48 तोला सोना, डेढ़ किलो चांदी और दो लाख रुपये नकद चुरा लिए। अगले दिन घर लौटने पर परिवार को चोरी की जानकारी मिली।
शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उप्पल पुलिस तथा सेंट्रल क्राइम स्टेशन (CCS) की टीम ने कार्रवाई करते हुए 31 अक्टूबर को सुबह करीब आठ बजे उप्पल एक्स रोड्स के पास एलबी नगर रूट बस स्टॉप से जया को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ BNS की धारा 331(4) और 305(A) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।
हैदराबाद से विश्वनाथ देहाती की रिपोर्ट









