तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले में तैनात टाउन प्लानिंग अधिकारी गुंडू वाणी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। रिश्वतखोरी के मामले में पहले से न्यायिक हिरासत में बंद वाणी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है। जांच एजेंसी के मुताबिक, उनके पास करीब 6.76 करोड़ रुपये की संपत्ति मिली है।

वाणी को सितंबर में मोईनाबाद नगर पालिका कार्यालय में एक पंचायत सचिव के माध्यम से कथित तौर पर 75 हजार रुपये की रिश्वत मांगने और लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
आठ ठिकानों पर ACB की छापेमारी
आय से अधिक संपत्ति की जांच के तहत ACB ने 16 नवंबर को अधिकारी के घर, कार्यालय और रिश्तेदारों व परिचितों के ठिकानों समेत आठ स्थानों पर तलाशी ली। इस दौरान कई चल और अचल संपत्तियों का पता चला।
प्लॉट, मकान और निवेश का खुलासा
जांच एजेंसी के अनुसार, वाणी के पास महबूबनगर और जनगांव में दो प्लॉट, करीब 63 लाख रुपये का फ्लैट और 2.45 करोड़ रुपये का तीन मंजिला मकान है। इसके अलावा 5.47 लाख रुपये नकद, बैंक खातों में 7.97 लाख रुपये, 50 लाख रुपये का कारोबारी निवेश और 1.30 करोड़ रुपये के शेयर मिले हैं।
तलाशी में 175.1 ग्राम सोने के आभूषण, 5.10 लाख रुपये के कीमती सामान और करीब 50 लाख रुपये की गाड़ी का भी पता चला है। ACB मामले की आगे जांच कर रही है।
हैदराबाद से विश्वनाथ देहाती की रिपोर्ट








