Wednesday, October 7, 2026
Home » महादेव बेटिंग ऐप केस में CBI की बड़ी कार्रवाई, दुबई से लौटे वांछित आरोपी अभिषेक कुमार गिरफ्तार

महादेव बेटिंग ऐप केस में CBI की बड़ी कार्रवाई, दुबई से लौटे वांछित आरोपी अभिषेक कुमार गिरफ्तार

by उर्वशी शेखर
0 comments

महादेव बेटिंग ऐप से जुड़े कथित ऑनलाइन सट्टेबाजी मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। एजेंसी ने वांछित आरोपी अभिषेक कुमार को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पकड़ा। बताया गया है कि वह दुबई से भारत लौटा था और एयरपोर्ट पर पहुंचते ही जांच एजेंसी की कार्रवाई का सामना करना पड़ा।

गिरफ्तारी के बाद अभिषेक कुमार को हैदराबाद की स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां CBI को उसकी तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड मिली। इसके बाद उसे रायपुर लाकर अदालत के समक्ष पेश किया गया। रायपुर कोर्ट ने आरोपी को दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क में भूमिका का आरोप

CBI के अनुसार, जांच में अभिषेक कुमार की कथित भूमिका महादेव बुक के माध्यम से ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुआ संचालित करने से जुड़ी सामने आई है। एजेंसी का आरोप है कि वह अलग-अलग बेटिंग पैनलों के बीच समन्वय करने और सट्टेबाजी से प्राप्त रकम के संग्रह में सक्रिय था।

जांच एजेंसी के मुताबिक, सट्टे से अर्जित कथित रकम के जरिए अभिषेक ने दुबई में संपत्तियां भी हासिल कीं। गिरफ्तारी के बाद की गई तलाशी में जांच से संबंधित कुछ महत्वपूर्ण सामग्री बरामद होने का दावा भी CBI ने किया है।

सौरभ चंद्राकर और शुभम सोनी से कनेक्शन का दावा

CBI का कहना है कि अभिषेक कुमार का नाम महादेव बेटिंग ऐप के संचालन से जुड़े लोगों की जांच के दौरान सामने आया। तलाशी में मिले दस्तावेज और अन्य सामग्री से उसके नेटवर्क में सक्रिय रूप से जुड़े होने के संकेत मिलने की बात एजेंसी ने कही है।

जांच एजेंसी के अनुसार, अभिषेक कथित तौर पर महादेव ऐप के प्रमुख आरोपियों सौरभ चंद्राकर और शुभम सोनी के साथ काम करता था। हालांकि, उसकी भूमिका और नेटवर्क में उसकी जिम्मेदारियों से जुड़े तथ्यों की जांच अभी जारी है।

सौरभ चंद्राकर

13 FIR की जांच CBI के पास

महादेव बेटिंग ऐप से संबंधित मामलों में छत्तीसगढ़ के अलग-अलग थानों में दर्ज 13 FIR को राज्य सरकार ने CBI को सौंपा था। इसके बाद केंद्रीय एजेंसी ने इन सभी मामलों की जांच अपने हाथ में ले ली।

CBI के अनुसार, अब तक इस मामले में करीब 100 आरोपियों के खिलाफ आठ चार्जशीट दाखिल की जा चुकी हैं। इनमें कथित तौर पर महादेव बेटिंग ऐप के प्रमोटर, पैनल ऑपरेटर, हवाला नेटवर्क से जुड़े लोग और छत्तीसगढ़ सरकार के कुछ लोक सेवक शामिल हैं।

जांच एजेंसी फरार आरोपियों और कथित प्रमोटरों को भारत वापस लाने के लिए भी कार्रवाई कर रही है। CBI के मुताबिक, अब तक सात रेड कॉर्नर नोटिस और दो प्रत्यर्पण संबंधी प्रक्रियाएं शुरू की जा चुकी हैं।

इस बीच, जेल में बंद मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर ने भारत की जेल में अपनी सुरक्षा को लेकर खतरा होने की आशंका जताई है। मामले में CBI की जांच के साथ-साथ आरोपियों की कथित भूमिका, वित्तीय लेनदेन और विदेशों में मौजूद संपत्तियों से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल जारी है।

You may also like

Leave a Comment