झारखंड सरकार ने प्रशासनिक अधिकारी मोहन लाल मरांडी के खिलाफ करीब दस साल पहले लगाए गए दंड को समाप्त कर दिया है। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने 14 जुलाई 2016 को जारी उस आदेश को विलोपित करने का फैसला लिया है, जिसके तहत उनकी पांच वेतन वृद्धि संचयी प्रभाव से रोक दी गई थी। यह निर्णय झारखंड हाईकोर्ट के 3 जुलाई 2025 के न्यायादेश के आधार पर लिया गया है।

हालांकि, विभाग ने इस फैसले के साथ एक शर्त भी जोड़ी है। दंडादेश को समाप्त करने का निर्णय हाईकोर्ट में लंबित एलपीए फाइलिंग संख्या 11821/2025 के अंतिम परिणाम के अधीन रहेगा। यानी अपील में आने वाले अंतिम फैसले का असर इस आदेश पर पड़ सकता है।
धनवार में पदस्थापन के दौरान लगे थे अनियमितता के आरोप
मोहन लाल मरांडी जब गिरिडीह जिले के धनवार में प्रखंड विकास पदाधिकारी के पद पर कार्यरत थे, उस दौरान उन पर विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में गड़बड़ी के आरोप लगे थे। इनमें सुखाड़ राहत, मनरेगा, इंदिरा आवास सहित अन्य योजनाओं में अनियमितता और सरकारी राशि को नुकसान पहुंचाने के आरोप शामिल थे।
इन आरोपों की विभागीय जांच और जांच प्रतिवेदन के आधार पर सरकार ने 14 जुलाई 2016 को संकल्प संख्या 5901 जारी किया था। इसके तहत मरांडी की पांच वेतन वृद्धि संचयी प्रभाव से रोकने का दंड निर्धारित किया गया था।
हाईकोर्ट के फैसले के बाद विभाग ने जारी किया नया आदेश
इस दंडात्मक कार्रवाई को चुनौती देते हुए मोहन लाल मरांडी ने झारखंड हाईकोर्ट में रिट याचिका (WPS 4165/2020) दाखिल की थी। मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने 3 जुलाई 2025 को पूर्व में जारी दंडादेश को निरस्त कर दिया।
इसके बाद बुंडू के अनुमंडल पदाधिकारी के पद पर कार्यरत मरांडी ने विभाग से राहत देने का अनुरोध किया। उनके आवेदन पर विचार करने के बाद कार्मिक विभाग ने 27 नवंबर 2026 को नया आदेश जारी किया। इसके तहत वर्ष 2016 में लगाया गया दंड समाप्त कर दिया गया है। हालांकि, इस फैसले की अंतिम स्थिति एलपीए में आने वाले न्यायिक निर्णय से जुड़ी रहेगी।








