Home » झारखंड में 14 से बढ़कर 21 हो सकती हैं लोकसभा सीटें, ST-SC आरक्षण का भी बदल सकता है गणित

झारखंड में 14 से बढ़कर 21 हो सकती हैं लोकसभा सीटें, ST-SC आरक्षण का भी बदल सकता है गणित

by उर्वशी शेखर
0 comments

लोकसभा की सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि के केंद्र सरकार के प्रस्ताव से झारखंड का संसदीय प्रतिनिधित्व बढ़ने की संभावना है। राज्य की मौजूदा 14 सीटें बढ़कर 21 हो सकती हैं। यानी सात नई सीटें जुड़ने का अनुमान है। इसके साथ ही अनुसूचित जनजाति (एसटी) और अनुसूचित जाति (एससी) के लिए आरक्षित निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या में भी बदलाव हो सकता है। हालांकि, अंतिम तस्वीर परिसीमन आयोग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

Advertisement 2
Advertisement 2
Advertisement 3
Advertisement 5
Advertisement 5
Advertisement 5
Advertisement 5

इस मुद्दे पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) अपनी रणनीति तैयार कर रहा है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शनिवार को पार्टी के विधायकों और सांसदों के साथ बैठक कर परिसीमन और महिला आरक्षण के प्रस्तावों पर चर्चा करेंगे। पार्टी के केंद्रीय महासचिव के मुताबिक, विचार-विमर्श के बाद तय होगा कि झामुमो संसद में केंद्र के प्रस्ताव का समर्थन करेगा या विरोध।

एसटी की 7-8 और एससी की दो सीटें होने का अनुमान

वर्तमान में झारखंड की 14 लोकसभा सीटों में पांच एसटी और एक एससी वर्ग के लिए आरक्षित है। प्रस्तावित विस्तार के बाद एसटी आरक्षित सीटों की संख्या सात या आठ और एससी आरक्षित सीटों की संख्या दो तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, ये संभावित आंकड़े हैं। वास्तविक संख्या परिसीमन के दौरान तय होगी।

2007 में आदिवासी आरक्षित सीटें घटाने पर हुआ था विरोध

झारखंड में परिसीमन का मुद्दा नया नहीं है। वर्ष 2007 में परिसीमन आयोग ने 2001 की जनगणना के आधार पर लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों के पुनर्गठन का आदेश जारी किया था। उस समय लोकसभा की कुल 14 सीटों में बदलाव नहीं किया गया था, लेकिन एसटी के लिए आरक्षित सीटें पांच से घटाकर चार करने का प्रस्ताव था। दूसरी ओर, एससी आरक्षित सीटें एक से बढ़ाकर दो करने की योजना थी।

इस प्रस्ताव के खिलाफ राज्य में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर व्यापक विरोध हुआ था। खासकर आदिवासी संगठनों ने आरक्षित सीटों में संभावित कटौती पर कड़ी आपत्ति जताई थी। आयोग ने जनसुनवाई की प्रक्रिया शुरू की, लेकिन विरोध और तनावपूर्ण माहौल के कारण इसे स्थगित करना पड़ा।

विधानसभा क्षेत्रों के पुनर्गठन में भी एसटी आरक्षित सीटें 28 से घटाकर 22 करने का प्रस्ताव था, जबकि एससी के लिए 10 सीटें निर्धारित की गई थीं।

2008 के संशोधन से लागू नहीं हो सका परिसीमन

विरोध को देखते हुए केंद्र सरकार ने 2008 में परिसीमन अधिनियम में संशोधन किया और इसमें धारा 10बी जोड़ी। इसके तहत झारखंड में परिसीमन आयोग के 2007 के आदेशों को कानूनी प्रभाव से बाहर कर दिया गया। साथ ही पुरानी निर्वाचन क्षेत्र व्यवस्था को 2026 तक जारी रखने का प्रावधान किया गया। इस कारण प्रस्तावित परिसीमन राज्य में लागू नहीं हो सका।

दो दशक बाद फिर चर्चा में प्रतिनिधित्व का सवाल

करीब दो दशक बाद परिसीमन का मुद्दा फिर झारखंड की राजनीति के केंद्र में है। इस बार प्रस्ताव में सभी राज्यों की लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि की बात है। साथ ही 2051 तक राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात बनाए रखने और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने के लिए 2011 की जनगणना को आधार बनाने की व्यवस्था प्रस्तावित है।

ऐसे में झारखंड के लिए परिसीमन का महत्व केवल सात नई लोकसभा सीटें मिलने तक सीमित नहीं है। इससे आदिवासी और दलित समुदायों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व का स्वरूप भी प्रभावित हो सकता है। अब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की बैठक के बाद झामुमो का रुख स्पष्ट होने का इंतजार है।

You may also like

Leave a Comment