झारखंड में मैट्रिक और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2027 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने परीक्षा आयोजन के लिए संभावित समय-सारिणी तैयार की है। इसके मुताबिक, दोनों परीक्षाएं 5 फरवरी 2027 से शुरू हो सकती हैं। इन्हें फरवरी के तीसरे सप्ताह तक पूरा करने की योजना है। परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम नवंबर के अंतिम सप्ताह तक जारी होने की संभावना है।

परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए आवेदन की प्रक्रिया 12 नवंबर से शुरू होगी। जैक के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, छात्र-छात्राएं 26 नवंबर तक बिना विलंब शुल्क के फॉर्म जमा कर सकेंगे। इसके बाद 27 नवंबर से 4 दिसंबर तक विलंब शुल्क के साथ आवेदन करने का मौका मिलेगा। बोर्ड ने परीक्षा और आवेदन से संबंधित दिशा-निर्देश भी जारी कर दिए हैं।
आगामी बोर्ड परीक्षा में राज्यभर से साढ़े सात लाख से अधिक विद्यार्थियों के शामिल होने का अनुमान है। इनमें मैट्रिक के लगभग 4.30 लाख और इंटरमीडिएट के तीनों संकायों को मिलाकर करीब 3.30 लाख परीक्षार्थी हो सकते हैं। विज्ञान, कला और वाणिज्य संकाय के विद्यार्थियों की परीक्षा फरवरी में ही पूरी कराने का लक्ष्य है।
जैक इस बार परीक्षा प्रक्रिया जल्द पूरी कर अप्रैल के अंत तक परिणाम जारी करने की तैयारी में है। मैट्रिक के साथ इंटरमीडिएट के विज्ञान, कला और वाणिज्य तीनों संकायों का रिजल्ट भी इसी समय तक प्रकाशित करने की योजना है।
आठवीं, नौवीं और 11वीं की परीक्षा भी फरवरी में
मैट्रिक और इंटरमीडिएट के अलावा जैक फरवरी के अंतिम सप्ताह में आठवीं, नौवीं और 11वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाएं भी आयोजित करेगा। इन परीक्षाओं में ओएमआर शीट के माध्यम से विद्यार्थियों का मूल्यांकन किया जाएगा। नौवीं और 11वीं की परीक्षा के लिए मैट्रिक और इंटरमीडिएट के निर्धारित केंद्रों का ही इस्तेमाल किया जाएगा।
इन कक्षाओं की परीक्षा और परिणाम को लेकर सरकार ने जैक को समय-सीमा का पालन करने का निर्देश दिया है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत आठवीं, नौवीं और 11वीं का रिजल्ट हर हाल में 31 मार्च 2027 से पहले जारी करना होगा। सरकार का जोर है कि परिणाम में देरी के कारण विद्यार्थियों को अगली कक्षा में नामांकन की परेशानी न हो और उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो।
इस तरह जैक के सामने फरवरी में बोर्ड परीक्षाएं पूरी कराने के साथ-साथ अन्य कक्षाओं की वार्षिक परीक्षा और परिणाम निर्धारित समय पर जारी करने की चुनौती भी होगी।








