राजधानी रांची में नगर निगम की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। हटिया मजदूर यूनियन (सीटू) ने अपनी आठ सूत्री मांगों को लेकर 15 अक्टूबर से हड़ताल पर जाने का ऐलान किया है। इस आंदोलन में सफाईकर्मियों के साथ मल्टी टास्किंग स्टाफ (MTS) के कर्मचारी भी शामिल होंगे।

यूनियन कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में सीटू के महामंत्री भवन सिंह ने कहा कि मांगें पूरी होने तक कर्मचारी काम पर नहीं लौटेंगे। यूनियन के अनुसार, इस हड़ताल में करीब दो हजार सफाईकर्मी और MTS कर्मचारी हिस्सा लेंगे।
10 साल से काम कर रहे कर्मियों को नियमित करने की मांग
यूनियन की प्रमुख मांग है कि नगर निगम में 10 साल से अधिक समय से काम कर रहे सफाईकर्मियों और MTS कर्मचारियों को नियमित किया जाए। इसके अलावा बकाया वेतन का भुगतान, बोनस और वेतन पुनरीक्षण लागू करने की मांग भी उठाई गई है।
आठ सूत्री मांगों पर अड़ा यूनियन
कर्मचारियों की अन्य मांगों में अवकाश की सुविधा, सुरक्षा उपकरण और पहचान पत्र उपलब्ध कराना शामिल है। यूनियन ने श्रम कानूनों का पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया है।
सीटू का कहना है कि कर्मचारियों की इन मांगों को लेकर लंबे समय से सवाल उठाए जा रहे हैं। अब मांगें पूरी कराने के लिए हड़ताल का रास्ता चुना गया है। 15 अक्टूबर से प्रस्तावित इस आंदोलन का असर नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर पड़ सकता है।






