Wednesday, October 7, 2026
Home »  झारखंड में भाजपा की बड़ी संगठनात्मक तैयारी, 5 से 10 सितंबर तक जिला और मंडल स्तर पर कार्यशालाएं

 झारखंड में भाजपा की बड़ी संगठनात्मक तैयारी, 5 से 10 सितंबर तक जिला और मंडल स्तर पर कार्यशालाएं

0 comments

रांची: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर झारखंड भाजपा ने व्यापक संगठनात्मक कार्यक्रम की तैयारी शुरू कर दी है। सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने के लिए प्रदेश से लेकर मंडल स्तर तक कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां दी जा रही हैं। रांची के कांके स्थित हवेली बैंक्वेट हॉल में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने अभियान की रूपरेखा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 5, 6 और 7 सितंबर को जिला स्तरीय कार्यशालाएं, जबकि 8, 9 और 10 सितंबर को मंडल स्तरीय कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी।कर्मवीर सिंह ने बताया कि पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को पखवाड़े के रूप में मनाया जाता था, लेकिन इस वर्ष उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे एक महीने को सेवा संकल्प अभियान के रूप में मनाया जाएगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर हर घर में आशीर्वाद का दीप प्रज्वलित किया जाएगा। इसके अलावा पूरे महीने अलग-अलग सेवा एवं जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप वर्मा ने कार्यकर्ताओं से अभियान में युवाओं, छात्रों, महिलाओं और केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि केवल योजनाओं की जानकारी देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लोगों को योजनाओं का लाभ लेने में भी सहयोग करना होगा।कार्यशाला में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप वर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित भाजपा के सांसद, विधायक, प्रदेश पदाधिकारी और झारखंड के 30 सांगठनिक जिलों के जिलाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी मौजूद रहे।

You may also like

Leave a Comment