झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। रांची के हिल व्यू अस्पताल में पिछले कई दिनों से उनका इलाज चल रहा है और इस दौरान उनकी तबीयत में लगातार उतार-चढ़ाव की जानकारी सामने आ रही है।
मंगलवार देर रात रूपी सोरेन की तबीयत अचानक अधिक बिगड़ने की सूचना मिलने पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ अस्पताल पहुंचे। मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों से मुलाकात कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान डॉक्टरों के साथ आगे के उपचार को लेकर भी चर्चा की गई।

बताया जा रहा है कि स्वास्थ्य में लगातार हो रहे बदलाव को देखते हुए रूपी सोरेन को बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए रांची से बाहर ले जाने पर विचार किया जा रहा है। ऐसे में बुधवार को उन्हें दूसरे शहर ले जाया जा सकता है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
गौरतलब है कि रूपी सोरेन का कुछ महीने पहले हैदराबाद में भी उपचार कराया गया था। इसके बाद 18 सितंबर को सांस लेने में परेशानी की शिकायत के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी थी, जिसके बाद उन्हें रांची के हिल व्यू अस्पताल में भर्ती कराया गया।
फिलहाल अस्पताल में उनका उपचार जारी है। हालांकि, उनकी मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति को लेकर अस्पताल प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है।