राजधानी रांची के शालीमार मैदान में होने वाले ऐतिहासिक रावण दहन समारोह को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए रांची नगर निगम के प्रशासक सुशांत गौरव, प्रशासक संजय कुमार और अन्य अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान रावण दहन समारोह समिति के पदाधिकारियों ने भी प्रशासन के सामने अपनी मांगें रखीं।

समिति की ओर से सौंपे गए मांग पत्र में श्रद्धालुओं और आम लोगों की सुविधा के लिए सड़कों की मरम्मत, शौचालय, पेयजल और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया। हर साल बड़ी संख्या में लोगों के जुटने को देखते हुए इन बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने पर जोर दिया गया।
स्वच्छता और प्रदूषण नियंत्रण पर नगर निगम का जोर
नगर निगम प्रशासक सुशांत गौरव ने कहा कि दुर्गा पूजा और रावण दहन जैसे बड़े आयोजनों को सफल बनाने के लिए निगम हरसंभव सहयोग कर रहा है। शहर में साफ-सफाई बनाए रखने के साथ प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए भी विशेष कदम उठाए जा रहे हैं। मूर्ति विसर्जन के लिए कृत्रिम तालाबों के इस्तेमाल को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने आयोजन समितियों की ओर से मिल रहे सहयोग की सराहना भी की।
महिलाओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान
समारोह समिति के मुख्य संरक्षक आलोक कुमार दूबे ने कहा कि शालीमार मैदान का रावण दहन रांची के पुराने और प्रमुख आयोजनों में शामिल है। इसमें हर साल लाखों लोग हिस्सा लेते हैं। ऐसे में समिति इस बार भी व्यापक स्तर पर तैयारियां कर रही है। महिलाओं की सुरक्षा और लोगों की सुविधाओं को आयोजन की प्राथमिकताओं में शामिल किया गया है।
दूबे ने नगर निगम की कार्यप्रणाली की प्रशंसा करते हुए कहा कि साफ-सफाई, नाली, सड़क और शहर की अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार काम हो रहा है। उन्होंने प्रशासक सुशांत गौरव को कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी बताते हुए कहा कि नगर निगम के प्रयासों से राजधानी में व्यवस्थाओं को सुधारने की दिशा में काम किया जा रहा है।
रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के विशाल पुतले होंगे आकर्षण
इस वर्ष समारोह में रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के विशाल पुतले स्थापित किए जाएंगे। समिति के अनुसार, इन पुतलों को क्रेन की मदद से खड़ा किया जाएगा। आयोजन में आकर्षक आतिशबाजी भी होगी। समिति का कहना है कि समारोह को भव्य बनाने के साथ सुरक्षा और सुव्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।
इस मौके पर समिति के अध्यक्ष संजीत यादव, मुख्य संयोजक अभिषेक साहू, कार्यकारी अध्यक्ष मेहुल दूबे और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। समाजसेवी जयसिंह यादव, सागर कुमार और कमल कुमार भी उपस्थित थे।
सपरिवार समारोह में शामिल होने की अपील
समिति के अध्यक्ष संजीत यादव और मुख्य संयोजक अभिषेक साहू ने रांचीवासियों से सपरिवार रावण दहन समारोह में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देता है। समिति को उम्मीद है कि शहरवासियों और प्रशासन के सहयोग से इस बार भी समारोह भव्य और यादगार बनेगा।






