Tuesday, October 6, 2026
Home » न नाम कटेगा, न हक छिनेगा! गुमला में वोटर लिस्ट सुधार की कवायद तेज़

न नाम कटेगा, न हक छिनेगा! गुमला में वोटर लिस्ट सुधार की कवायद तेज़

by उर्वशी शेखर
0 comments

आगामी चुनावों को लेकर मतदाता सूची को दुरुस्त और अधिक विश्वसनीय बनाने की कवायद तेज कर दी गई है। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर गुमला जिले के अलग-अलग केंद्रों पर विशेष कैंप लगाकर मतदाता सूची से जुड़ी जानकारियों और दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची से बाहर न हो और किसी योग्य नागरिक को मतदान के अधिकार से वंचित न होना पड़े।

इसी क्रम में गुमला नगर परिषद कार्यालय में भी विशेष शिविर लगाया गया। यहां मतदाता सूची से संबंधित नोटिस प्राप्त करने वाले लोगों को बुलाकर उनके दस्तावेजों की जांच की गई। संबंधित मतदाताओं से आवश्यक कागजात प्राप्त करने के बाद रिकॉर्ड में मौजूद कमियों और गलतियों को दुरुस्त करने की प्रक्रिया शुरू की गई।

शिविर में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मनीष कुमार मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि सत्यापन की पूरी प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची में केवल वास्तविक और पात्र मतदाताओं का विवरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि दस्तावेजों में कमी या जानकारी में किसी तरह की विसंगति पाए जाने पर संबंधित मतदाताओं को उसे ठीक कराने का अवसर दिया जा रहा है।

उन्होंने नोटिस प्राप्त करने वाले नागरिकों से अपील की कि वे निर्धारित अवधि के भीतर मांगे गए दस्तावेज संबंधित केंद्र पर उपलब्ध कराएं। मनीष कुमार ने स्पष्ट किया कि दस्तावेजों की जांच के बाद आवश्यक सुधार किए जाएंगे, ताकि पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रह सकें।

SIR (Special Intensive Revision) अभियान के तहत जिले में मतदाता सूची के सत्यापन का काम लगातार जारी है। विशेष कैंपों के जरिए मतदाताओं को अपनी व्यक्तिगत जानकारी और जरूरी दस्तावेजों से जुड़ी त्रुटियां दूर कराने का मौका दिया जा रहा है। आयोग का प्रयास है कि अंतिम मतदाता सूची अधिक सटीक हो और मतदान के दौरान पात्र नागरिकों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

You may also like

Leave a Comment