आधुनिक युद्ध में ड्रोन के बढ़ते इस्तेमाल के बीच भारत ने अपनी हवाई सुरक्षा मजबूत करने की दिशा में अहम उपलब्धि हासिल की है। राजस्थान के जैसलमेर स्थित पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज में देश के पहले स्वदेशी दो-स्तरीय वाहन आधारित काउंटर स्वार्म ड्रोन सिस्टम ‘भार्गवास्त्र’ का सफल परीक्षण किया गया। सोलर डिफेंस एंड एयरोस्पेस लिमिटेड (SDAL) ने 20 से 24 नवंबर 2026 तक चले पांच दिवसीय परीक्षण में इसकी निगरानी, ड्रोन की पहचान, लक्ष्य को ट्रैक करने और रॉकेट से उसे नष्ट करने की क्षमता का प्रदर्शन किया। इसे स्वदेशी रक्षा तकनीक के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति माना जा रहा है।

भार्गवास्त्र को उन हमलों से निपटने के लिए विकसित किया गया है, जिनमें दुश्मन एक साथ बड़ी संख्या में छोटे ड्रोन भेजकर सैन्य ठिकानों या संवेदनशील प्रतिष्ठानों को निशाना बनाता है। सैन्य रणनीति में इसे स्वार्म ड्रोन अटैक कहा जाता है। ऐसी स्थिति में एक साथ कई हवाई लक्ष्यों को रोकना बड़ी चुनौती होती है।
इससे निपटने के लिए सिस्टम में दो स्तरों वाली हथियार व्यवस्था की गई है। पहली परत में माइक्रो रॉकेट और दूसरी में गाइडेड माइक्रो मिसाइलें शामिल हैं। इसके दो संस्करण तैयार किए गए हैं। पहले में 64 ट्यूब वाले माइक्रो रॉकेट लॉन्चर और दूसरे में 64 गाइडेड माइक्रो मिसाइलें लगाई गई हैं। वाहन आधारित होने के कारण इसे जरूरत के अनुसार अलग-अलग रणनीतिक स्थानों पर तैनात किया जा सकता है। पोकरण में दोनों हथियार प्रणालियों की फायरिंग और लक्ष्य भेदने की क्षमता का परीक्षण किया गया।
इस प्रणाली में निगरानी और लक्ष्य पहचान के लिए रेडियो फ्रीक्वेंसी (RF) डिटेक्टर, सर्विलांस रडार और इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल सेंसर भी लगाए गए हैं। ये उपकरण संदिग्ध ड्रोन की मौजूदगी का पता लगाने और उसकी गतिविधियों पर नजर रखने में मदद करेंगे। इसके साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित C4I नेटवर्क को जोड़ा गया है, जो विभिन्न सेंसर से मिलने वाले डेटा का विश्लेषण कर लक्ष्य की पहचान और हथियारों के संचालन के बीच समन्वय स्थापित करेगा।
रक्षा मंत्रालय की मेक-2 परियोजना के तहत विकसित भार्गवास्त्र के डिजाइन, सॉफ्टवेयर और हथियार प्रणाली को स्वदेशी रूप से तैयार करने पर जोर दिया गया है। इस पहल का उद्देश्य आधुनिक रक्षा उपकरणों के निर्माण में विदेशी तकनीक पर निर्भरता घटाना है। प्रोटोटाइप के विकास और परीक्षण के बाद 12 सिस्टम की आपूर्ति का भी प्रावधान किया गया है।
पूर्व ब्रिगेडियर भगवान सिंह के मुताबिक, रूस-यूक्रेन युद्ध और पश्चिम एशिया के संघर्षों ने आधुनिक सैन्य अभियानों में ड्रोन की बढ़ती भूमिका को स्पष्ट किया है। छोटे और कम लागत वाले ड्रोन भी सैन्य ठिकानों, हथियारों और महत्वपूर्ण संसाधनों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। खासकर समूह में किए जाने वाले हमलों ने पारंपरिक वायु रक्षा प्रणालियों के सामने नई चुनौती खड़ी की है। ऐसे में कम समय में कई ड्रोन की पहचान कर उन्हें निष्क्रिय करने वाली तकनीक की जरूरत बढ़ गई है।
पोकरण में सफल परीक्षण के बाद भार्गवास्त्र का अगला चरण सैन्य मूल्यांकन और आवश्यक स्वीकृतियों से जुड़ा होगा। इन प्रक्रियाओं के पूरा होने पर इसे भारतीय सेना की वायु रक्षा व्यवस्था में शामिल करने का रास्ता खुल सकता है।








