नई दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब स्थित स्पीकर्स हॉल में गुरुवार को पूर्व लोकसभा अध्यक्ष और प्रख्यात समाजवादी नेता रवि राय की जन्म शताब्दी के उपलक्ष्य में विशेष स्मृति समारोह आयोजित किया गया। इस आयोजन में देश के कई वरिष्ठ न्यायविदों, पूर्व सांसदों, समाजवादी चिंतकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लेकर उनके राजनीतिक योगदान और लोकतांत्रिक विचारों को याद किया।

गुरुवार दोपहर 3:30 बजे से शाम 7:30 बजे तक चले इस कार्यक्रम का आयोजन समाजवादी समागम, लोहिया अकादमी और राजेंद्र भवन ने संयुक्त रूप से किया। समारोह के दौरान स्मृति व्याख्यान, श्रद्धांजलि सभा, पुरस्कार वितरण और पुस्तक विमोचन सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।

न्यायमूर्ति एस. मुरलीधर ने दिया शताब्दी स्मृति व्याख्यान
समारोह के प्रमुख आकर्षण के रूप में ओडिशा हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति एस. मुरलीधर ने व्याख्यान दिया। उन्होंने ‘भारतीय विधायकों की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की एक विडंबना’ विषय पर अपने विचार रखे। व्याख्यान में विधायिका, लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जुड़े पहलुओं पर चर्चा हुई।
पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने श्रद्धांजलि एवं पुरस्कार वितरण सत्र की अध्यक्षता की। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय कैलाश मीणा को ‘रवि राय लोक शक्ति ग्रीन अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।

समाजवादी विरासत और संसदीय लोकतंत्र पर विमर्श
कार्यक्रम में पुस्तक का लोकार्पण भी किया गया। इसके साथ ही संसदीय लोकतंत्र की मजबूती, समाजवादी विचारधारा की प्रासंगिकता और रवि राय की राजनीतिक विरासत पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।
वक्ताओं में प्रो. राजकुमार जैन, प्रखर लोहियावादी विचारक एवं सेवानिवृत्त न्यायाधीश टी. गोपाल सिंह, प्रफुल्ल सामंतरा, लोहिया फाउंडेशन ट्रस्ट के अभिषेक रंजन सिंह, समाजवादी चिंतक योगेंद्र यादव और डॉ. सुनीलम प्रमुख रूप से शामिल रहे।
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय समिति के अध्यक्ष प्रो. आनंद कुमार और सचिव डॉ. संत प्रकाश के नेतृत्व में किया गया। समारोह के माध्यम से वक्ताओं ने रवि राय के सार्वजनिक जीवन, समाजवादी मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और संसदीय लोकतंत्र में उनके योगदान को रेखांकित किया।
हैदराबाद से विश्वनाथ देहाती की रिपोर्ट








