दिल्ली में आयोजित BRICS सम्मेलन और गुजरात के गांधीनगर स्थित सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी की जांच अब झारखंड के देवघर तक पहुंच गई है। मामले की पड़ताल कर रही गुजरात पुलिस की एक टीम ने देवघर के नगर थाना क्षेत्र से एक युवक को हिरासत में लिया है। उससे फिलहाल पूछताछ की जा रही है।
मामला संवेदनशील होने के कारण पुलिस ने हिरासत में लिए गए युवक की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। उसकी भूमिका को लेकर भी जांच एजेंसियों की ओर से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
जानकारी के मुताबिक, BRICS सम्मेलन और गांधीनगर सचिवालय से संबंधित धमकी ई-मेल के माध्यम से भेजी गई थी। इस संबंध में 10 सितंबर को गांधीनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद गुजरात पुलिस ने मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ शुरू की।
पूछताछ के दौरान सामने आए कुछ सुरागों के आधार पर जांच की दिशा देवघर की ओर बढ़ी। इसके बाद गुजरात पुलिस की टीम स्थानीय पुलिस के सहयोग से देवघर पहुंची और एक युवक को हिरासत में लिया।

जांच टीम अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हिरासत में लिए गए युवक का धमकी भरे ई-मेल से कोई प्रत्यक्ष संबंध है या उसका नाम पूछताछ के दौरान सामने आए किसी तकनीकी अथवा अन्य सुराग के आधार पर सामने आया। ई-मेल की तकनीकी जानकारी, संभावित संपर्कों और पूरे घटनाक्रम में उसकी भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
फिलहाल गुजरात और देवघर पुलिस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सीमित जानकारी ही साझा कर रही हैं। ऐसे में युवक को लेकर किसी तरह का निष्कर्ष निकालना अभी जल्दबाजी होगी।
जांच पूरी होने और तकनीकी साक्ष्यों की पड़ताल के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि धमकी के इस मामले में देवघर का युवक किस भूमिका में है और गुजरात में दर्ज केस की जांच झारखंड तक किस कड़ी के जरिए पहुंची।