रांची के सदर अस्पताल परिसर और उसके आसपास लगातार हो रही मोबाइल चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस की विशेष निगरानी के बीच बुधवार, 9 सितंबर को एक संदिग्ध को मोबाइल चोरी करते हुए पकड़ा गया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर चोरी के चार मोबाइल फोन बरामद किए गए।
जानकारी के अनुसार, अस्पताल क्षेत्र में लगातार मोबाइल चोरी की शिकायतें सामने आने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टाइगर मोबाइल, पीसीआर और माइक टीम को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया था। इसी निगरानी के दौरान सदर अस्पताल परिसर में एक व्यक्ति को मोबाइल चोरी करते हुए पकड़ा गया।मामले में पिठोरिया निवासी 29 वर्षीय विक्रम नायक के आवेदन पर लोअर बाजार थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने आरोपी राशिद जमील उर्फ राशिद खान के खिलाफ कांड संख्या 155/2026 दर्ज करते हुए बीएनएस की धारा 303(2) और 317(2) के तहत कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर कुल चार चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। आरोपी की पहचान 41 वर्षीय राशिद जमील उर्फ राशिद खान के रूप में हुई है। वह मूल रूप से गोन्दा थाना क्षेत्र की भीठा बस्ती का रहने वाला है और वर्तमान में लोअर बाजार थाना क्षेत्र के पत्थलकुदवा स्थित इस्लाम नगर में रह रहा था।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। मामले की आगे की जांच जारी है।