CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके, सह-संयोजक आशुतोष रांका और नेता सौरव दास को शनिवार को हिरासत में लेने के बाद रिहा कर दिया गया। दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरते ही पुलिस ने तीनों को एहतियातन हिरासत में लिया था। बाद में दिल्ली कैंट स्थित कार्यकारी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किए जाने के बाद उन्हें छोड़ने के आदेश दिए गए। यूट्यूबर ध्रुव राठी को भी चेतावनी देकर रिहा कर दिया गया।

पार्टी ने रविवार को फिर जंतर-मंतर पर जुटने का ऐलान किया है। राष्ट्रीय संगठन प्रभारी अजिंक्य शिंदे ने समर्थकों से ‘चलो जंतर-मंतर’ के तहत पहुंचने की अपील की। CJP मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR प्रक्रिया पर रोक की मांग को लेकर आंदोलन कर रही है।
प्रदर्शन के मद्देनजर जंतर-मंतर, इंडिया गेट और संसद मार्ग समेत प्रमुख इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई गई है। कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी संभावित जाम और मार्ग परिवर्तन को लेकर एडवाइजरी जारी की है। शंकर रोड-वंदे मातरम टी-पॉइंट, धौला कुआं फ्लाईओवर, झंडेवालान, पंचकुइयां, मंडी हाउस और जंतर-मंतर रोड समेत कई मार्ग प्रभावित हो सकते हैं। प्रदर्शन के कारण कुछ इलाकों में बाजार और यातायात पर भी असर पड़ने की संभावना है।






