Table of Contents

संसद के आगामी विशेष सत्र से पहले केंद्र सरकार ने परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर बड़ा कदम उठाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में परिसीमन विधेयक को मंजूरी दे दी गई। प्रस्ताव के तहत लोकसभा की सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की योजना है। इससे सदन में सीटों की अधिकतम संख्या 850 हो सकती है। सूत्रों के मुताबिक, महिला आरक्षण से जुड़े नए विधेयक को भी कुछ संशोधनों के साथ कैबिनेट की स्वीकृति मिल गई है।
सरकार इन विधेयकों को 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में पेश करने की तैयारी कर रही है। इसके मद्देनजर भाजपा अपने सांसदों के लिए व्हिप जारी कर सकती है, ताकि लोकसभा और राज्यसभा में उनकी उपस्थिति सुनिश्चित रहे।
राज्यों के प्रतिनिधित्व में संतुलन रखने की तैयारी
शुक्रवार को सेवा तीर्थ में हुई कैबिनेट बैठक में महिला आरक्षण विधेयक पर भी चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार, इसमें कुछ संशोधन किए गए हैं, ताकि परिसीमन के बाद लोकसभा में किसी राज्य की हिस्सेदारी दूसरे राज्यों की तुलना में कम न हो।
सरकार इससे पहले अप्रैल में आयोजित संसद के विशेष सत्र में भी यह विधेयक पेश कर चुकी है, लेकिन तब इसे लोकसभा की मंजूरी नहीं मिली थी। अब सरकार को इसके पारित होने की उम्मीद है। हालांकि, संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दिलाने के लिए संसद के दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत जरूरी होगा।
INDIA गठबंधन करेगा विरोध की रणनीति पर चर्चा
विधेयक को लेकर राजनीतिक दलों के बीच भी हलचल तेज है। सूत्रों के मुताबिक, द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) और भारत राष्ट्र समिति (BRS) से इसके समर्थन की उम्मीद है। वहीं, विपक्षी INDIA गठबंधन इसके विरोध में है। गठबंधन के नेता शनिवार को बैठक कर आगे की रणनीति तय करेंगे।
30 नवंबर से 3 दिसंबर तक चलेगा विशेष सत्र
लोकसभा सचिवालय के मुताबिक, 18वीं लोकसभा के आठवें सत्र का दूसरा चरण 30 नवंबर से शुरू होकर 3 दिसंबर तक चलने की संभावना है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि सरकार ने आवश्यक कामकाज के लिए 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा की बैठक बुलाने का अनुरोध किया है।
हालांकि, सरकार ने अभी तक सत्र का विस्तृत विधायी एजेंडा सार्वजनिक नहीं किया है। इसके बावजूद परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। संसद का पिछला सत्र 13 अगस्त को मानसून सत्र के समापन के साथ खत्म हुआ था।
भाजपा की बैठक में पांच राज्यों के चुनाव पर मंथन
इधर, दिल्ली के पूसा परिसर में शुक्रवार से भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों और राज्य प्रभारियों की दो दिवसीय बैठक शुरू हुई है। इसमें संगठनात्मक रणनीति के साथ आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों की समीक्षा की जा रही है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा के चुनाव प्रमुख एजेंडे में हैं। बैठक में बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने, सदस्यता अभियान और चुनाव प्रचार की रूपरेखा पर चर्चा हो रही है। नई संगठनात्मक टीम के कार्यभार संभालने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ यह दूसरी बैठक है।








