परिसीमन बिल को लेकर शरद पवार के केंद्र सरकार के समर्थन वाले रुख ने महाराष्ट्र की विपक्षी राजनीति में नई खींचतान पैदा कर दी है। महा विकास अघाड़ी (MVA) में शामिल कांग्रेस ने अब सार्वजनिक रूप से पवार और उनकी बेटी सुप्रिया सुले पर सवाल उठाए हैं। महाराष्ट्र कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर मार्च 2026 के राज्यसभा चुनाव का हवाला दिया और याद दिलाया कि उस समय कांग्रेस ने शरद पवार की उम्मीदवारी के लिए अपनी सीट का दावा तक छोड़ दिया था।

कांग्रेस ने अपने पोस्ट में बताया कि मार्च 2026 में महाराष्ट्र की सात राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव हुआ था। उस समय शरद पवार की पार्टी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के पास महज 10 विधायक थे, जबकि राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए 36 वोटों की जरूरत थी। दूसरी ओर, कांग्रेस के 16 और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के 20 विधायक थे।
राहुल गांधी और खड़गे ने दी थी सहमति
महाराष्ट्र कांग्रेस के मुताबिक, सुप्रिया सुले ने जब शरद पवार को दोबारा राज्यसभा भेजने के लिए कांग्रेस नेतृत्व से समर्थन मांगा, तो राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने तत्काल सहमति दे दी थी। कांग्रेस ने अपनी सीट पर दावा छोड़कर पवार की उम्मीदवारी का समर्थन किया। बाद में शिवसेना (यूबीटी) के सहयोग से महा विकास अघाड़ी ने भी उनकी उम्मीदवारी पर सहमति जताई थी।
अब बीजेपी सरकार के समर्थन पर कांग्रेस का सवाल
कांग्रेस ने अपनी पोस्ट में इसी राजनीतिक घटनाक्रम की याद दिलाते हुए पवार और सुप्रिया सुले के मौजूदा रुख पर नाराजगी जताई है। पार्टी का सवाल है कि जिस कांग्रेस ने मुश्किल समय में शरद पवार की राज्यसभा में वापसी सुनिश्चित करने के लिए सहयोग किया, वही पवार और उनकी पार्टी अब परिसीमन कानून के मुद्दे पर बीजेपी सरकार के समर्थन में क्यों खड़े हैं?
इस बयान के बाद महाराष्ट्र में MVA की एकजुटता को लेकर चर्चा तेज हो गई है। गठबंधन में कांग्रेस, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) प्रमुख घटक दल हैं। ऐसे में परिसीमन के मुद्दे पर सहयोगी दलों के अलग-अलग रुख से विपक्षी गठबंधन के भीतर मतभेद सामने आने लगे हैं।








