Wednesday, October 7, 2026
Home » मंत्री सुदिव्य सोनू का निधन, झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने स्थगित किया चरणबद्ध आंदोलन

मंत्री सुदिव्य सोनू का निधन, झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने स्थगित किया चरणबद्ध आंदोलन

by उर्वशी शेखर
0 comments

झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने 8 सितंबर 2026 से प्रस्तावित अपने राज्यव्यापी चरणबद्ध आंदोलन को फिलहाल स्थगित कर दिया है। एसोसिएशन की ओर से यह फैसला मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन के बाद लिया गया। आंदोलन को अगले आदेश तक रोक दिया गया है।

दरअसल, पुरानी पुलिस लाइन स्थित केंद्रीय कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू की अध्यक्षता में केंद्रीय कार्यकारिणी की विशेष बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में पुलिस कर्मियों की नौ सूत्री मांगों को लेकर 8 सितंबर से 10 अक्टूबर तक प्रस्तावित आंदोलन की तैयारियों और कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जाना था। इस आंदोलन को झारखंड पुलिस सर्विस एसोसिएशन, मेन्स एसोसिएशन, चतुर्थवर्गीय कर्मचारी संघ और सेवानिवृत्त पुलिस एसोसिएशन का भी समर्थन प्राप्त था।

सोनू के निधन की खबर के बाद बदला बैठक का एजेंडा

बैठक के दौरान ही सुदिव्य कुमार सोनू के निधन की सूचना मिलने के बाद विभिन्न पुलिस संगठनों के पदाधिकारियों ने आपस में विचार-विमर्श किया। इसके बाद सर्वसम्मति से तय किया गया कि दिवंगत मंत्री के सम्मान में न केवल आंदोलन को, बल्कि आगे की गतिविधियों को भी फिलहाल रोक दिया जाए।

पदाधिकारियों ने दो मिनट का मौन रखकर सुदिव्य सोनू को श्रद्धांजलि दी। साथ ही शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की गई।

एसोसिएशन के महामंत्री संजीव कुमार ने बताया कि नौ सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन की नई रणनीति और अगली तारीखों पर फैसला बाद में होने वाली बैठक में लिया जाएगा। फिलहाल संगठन ने प्रस्तावित आंदोलन को अगले निर्णय तक स्थगित कर दिया है।

You may also like

Leave a Comment