मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की माता रूपी सोरेन के निधन के बाद उनके मोरहाबादी स्थित आवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का पहुंचना जारी है। इसी क्रम में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार भी गुरुवार को मोरहाबादी स्थित आवास पहुंचे और दिवंगत रूपी सोरेन के अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
राज्यपाल ने दिवंगत के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और उनके परिजनों से मुलाकात की तथा इस कठिन समय में अपनी संवेदना प्रकट की।

संतोष गंगवार ने शोक संतप्त परिवार के प्रति सहानुभूति व्यक्त करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि वह दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और हेमन्त सोरेन समेत पूरे परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहने का धैर्य और शक्ति दें।
रूपी सोरेन का निधन 7 अक्टूबर की शाम रांची में इलाज के दौरान हुआ था। उनके निधन के बाद मोरहाबादी स्थित आवास पर अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में राजनीतिक दलों के नेता, मंत्री, विधायक और शुभचिंतक पहुंच रहे हैं।