झारखंड राज्य बार काउंसिल में दो महिला सदस्यों को शामिल करने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। राज्य सरकार के विधि विभाग ने इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। इसमें झारखंड हाईकोर्ट की पूर्व न्यायाधीश जया रॉय और महिला अधिवक्ता लक्ष्मी मुर्मू को काउंसिल में शामिल किए जाने की घोषणा की गई है। यह कदम सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुपालन में उठाया गया है।

झारखंड गजट में प्रकाशित अधिसूचना के अनुसार, बार काउंसिल के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी और हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस अम्बुज नाथ ने इस संबंध में घोषणा की है।
पहले 22 अधिवक्ताओं को मिली थी सदस्यता
बार काउंसिल के लिए 12 मार्च 2026 को हुए चुनाव के आधार पर 15 जुलाई 2026 को 22 अधिवक्ताओं को सदस्य अधिसूचित किया गया था। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट के आदेश के आलोक में दो महिला सदस्यों को शामिल करने का निर्णय लिया गया।
इस अधिसूचना पर राज्य सरकार के विधि विभाग के प्रधान सचिव सह विधि परामर्शी नीरज कुमार श्रीवास्तव, राज्य के महाधिवक्ता रोहतश्या रॉय और पूर्व न्यायाधीश अम्बुज नाथ के हस्ताक्षर हैं।
दो नई महिला सदस्यों के शामिल होने से झारखंड राज्य बार काउंसिल में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ेगा।






