तेलंगाना में प्रकृति, पुष्प परंपरा और नारी शक्ति को समर्पित बाथुकम्मा उत्सव का समापन पारंपरिक गीतों, सामूहिक नृत्य और भव्य विसर्जन समारोह के साथ हुआ। उत्सव के अंतिम दिन हैदराबाद के विभिन्न नदी घाटों पर सद्दूला बाथुकम्मा के विसर्जन के लिए विशेष आयोजन किए गए। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजी बड़ी संख्या में महिलाओं ने शोभायात्रा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। लोकगीतों और आतिशबाजी से उत्सव का माहौल जीवंत बना रहा।

बाथुकम्मा तेलंगाना की प्रमुख सांस्कृतिक परंपराओं में शामिल है, जिसमें महिलाएं स्थानीय मौसमी फूलों को विशेष आकार में सजाकर पूजा करती हैं। तेलुगु में बाथुकम्मा का भावार्थ देवी मां के जीवंत होने से जुड़ा है। इस उत्सव में तंगेडू, गुनूगु, गेंदा और गुलदाउदी जैसे फूलों का इस्तेमाल किया जाता है।
महिलाएं फूलों को मंदिर के गोपुरम जैसी परतदार आकृति में सजाती हैं और शीर्ष पर हल्दी से बनी गौरी देवी यानी गौराम्मा की प्रतिमा स्थापित करती हैं। शाम के समय महिलाएं फूलों की सजावट के चारों ओर गोल घेरा बनाकर पारंपरिक गीत गाती हैं और तालियों की लय पर सामूहिक लोकनृत्य प्रस्तुत करती हैं। उत्सव का अंतिम चरण सद्दूला बाथुकम्मा के आयोजन और फूलों के विसर्जन के साथ पूरा होता है।
मणिकोंडा में बाथुकम्मा और दशहरा का उत्साह
हैदराबाद के मणिकोंडा में भी बाथुकम्मा और दशहरा उत्सव धूमधाम से मनाया गया। कर्मचारी कॉलोनी सहायता संगठन के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं और युवतियों ने भाग लिया। इस दौरान शमी वृक्ष की पूजा की गई। महिलाओं ने पारंपरिक फूलों से बाथुकम्मा तैयार किए, जिन्हें आकर्षक ढंग से सजाकर लाया गया था। आयोजन समिति की ओर से प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण भव्य रावण दहन रहा, जिसे देखने के लिए स्थानीय लोग बड़ी संख्या में जुटे। धार्मिक अनुष्ठानों और सांस्कृतिक गतिविधियों के बीच लोगों ने दशहरा उत्सव में उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की रही भागीदारी
मणिकोंडा के आयोजन में नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष कस्तूरी नरेंद्र, पूर्व उपाध्यक्ष के. नरेंद्र रेड्डी, पूर्व फ्लोर लीडर के. राम कृष्ण रेड्डी, पूर्व पार्षद सिद्धप्पा, बीरप्पा और मीना मुथ्यालु शामिल हुए। इनके अलावा बीआरएस नेता सीताराम धुलिपाला, कांग्रेस के युवा नेता एवं आईटी सेल सचिव वासिरेड्डी नरेश और राय दुर्गम के पुलिस निरीक्षक भूपति भी मौजूद रहे।

कर्मचारी कॉलोनी संगठन के अध्यक्ष कुम्मरी रमेश, महासचिव सत्यनारायणाचार्युलु तथा मनोज, आवुला अशोक, अजमतुल्ला, गोपाल, श्रीनिवास, प्रेम कुमार, सतीश रेड्डी, शुभानी, बसंत और पूर्व अध्यक्ष पेंटा रेड्डी समेत कई स्थानीय लोगों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। वरिष्ठ पत्रकार तिप्पराजू रमेश बाबू सहित कॉलोनी के निवासियों की मौजूदगी में धार्मिक श्रद्धा और सामुदायिक सहभागिता के साथ उत्सव संपन्न हुआ।
हैदराबाद से विश्वनाथ देहाती की रिपोर्ट






