Table of Contents

नामकुम के बालाजी नगर में राजस्वकर्मी लक्ष्मीकांत मुंडा की हत्या के विरोध में सोमवार को रांची जिले के सभी अंचल कार्यालयों में कामकाज बंद रहा। घटना से नाराज राजस्व कर्मचारियों ने हत्याकांड का जल्द खुलासा करने और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। कर्मचारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री से मुलाकात कर मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा।
कर्मचारियों ने कहा कि सरकारी दायित्व निभाने वाले कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इस घटना से कर्मचारियों में भय और असुरक्षा का माहौल है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
अंचल कार्यालयों में शोकसभा, राजस्व कार्य प्रभावित
दिवंगत सहकर्मी को श्रद्धांजलि देने के लिए जिले के विभिन्न अंचलों में शोकसभाएं आयोजित की गईं। कर्मचारियों के काम से दूर रहने के कारण सोमवार को राजस्व संबंधी सेवाएं प्रभावित हुईं। उन्होंने प्रशासन से मामले में तेजी से कार्रवाई करने की अपील की।
पैतृक गांव में अंतिम संस्कार, CCTV फुटेज की जांच
लक्ष्मीकांत मुंडा के शव का रविवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद बुंडू स्थित उनके पैतृक गांव दलकीडीह में देर शाम अंतिम संस्कार किया गया।
उधर, पुलिस हत्याकांड की जांच में जुटी है। ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी, नामकुम थाना प्रभारी रामनारायण सिंह और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के CCTV कैमरों के फुटेज की जांच कर रही है, ताकि घटना से जुड़े अहम सुराग मिल सकें।
12 से अधिक लोगों से पूछताछ, हत्या की वजह अब भी स्पष्ट नहीं
पुलिस ने मामले में 12 से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। जांच में प्रेम प्रसंग, लूटपाट और जमीन विवाद समेत कई संभावित कारणों को ध्यान में रखा जा रहा है। हालांकि, अब तक हत्या की वजह और इसमें शामिल आरोपियों को लेकर आधिकारिक तौर पर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है।
राजस्व कर्मचारियों ने पुलिस से जांच में तेजी लाने और हत्याकांड का जल्द खुलासा कर सभी दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।





