विजयादशमी पर HEC के शालीमार बाजार में होने वाले रावण दहन समारोह को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। विजयादशमी रावण दहन समारोह समिति की देखरेख में रावण के पुतले का निर्माण कराया जा रहा है। साथ ही, HEC मैदान में साफ-सफाई और दर्शकों की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

समारोह में झारखंड सरकार की मंत्री शिल्पा नेहा तिर्की मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे, जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
समिति के मुख्य संरक्षक आलोक कुमार दूबे ने कहा कि रावण दहन बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत का संदेश देता है। आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों से जोड़ना है। समिति अध्यक्ष संजीत यादव ने बताया कि समारोह को आकर्षक बनाने के साथ दर्शकों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
आयोजन स्थल पर शौचालय सहित जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। नगर निगम प्रशासक सुशांत गौरव के नेतृत्व में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, जबकि हटिया के डीएसपी सुरक्षा इंतजामों की निगरानी कर रहे हैं। समिति का प्रयास है कि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो।
समारोह की तैयारियों में अभिषेक साहू, राजेश यादव, परमेश्वर राम, जितेंद्र सिंह, संतोष पाठक, संजय कुमार, सतपाल गुप्ता, चंदन पटेल, श्रवण यादव, मेहुल दूबे और काजल भट्टाचार्य समेत अन्य सदस्य सक्रिय हैं। समिति ने क्षेत्रवासियों से समारोह में शामिल होकर विजयादशमी के उत्सव को सफल बनाने की अपील की है।






