Home » खेत की मेड़ पर मिला नवजात, पास में पूजा सामग्री; पुलिस ने मां-बच्चे को अस्पताल पहुंचाया

खेत की मेड़ पर मिला नवजात, पास में पूजा सामग्री; पुलिस ने मां-बच्चे को अस्पताल पहुंचाया

by उर्वशी शेखर
0 comments

झारखंड के पलामू जिले में मानवता को झकझोरने वाला मामला सामने आया है। छतरपुर थाना क्षेत्र के मनहु गांव में एक नवजात खेत की मेड़ पर मिला। उसके पास पूजा-पाठ की सामग्री भी रखी हुई थी। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्चे और उसकी मां को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (MMCH) रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार, मनहु गांव निवासी रवींद्र उरांव की पत्नी ने शुक्रवार रात पांचवें बच्चे को जन्म दिया था। दंपती के पहले से दो बेटियां और दो बेटे हैं। आरोप है कि जन्म के कुछ घंटे बाद ही नवजात को गांव के एक खेत की मेड़ पर छोड़ दिया गया। सुबह ग्रामीणों की नजर बच्चे पर पड़ी तो इलाके में हड़कंप मच गया।

Advertisement 1
Advertisement 2
Advertisement 3
Advertisement 4
Advertisement 5
Advertisement 5
Advertisement 5
Advertisement 5

ग्रामीणों ने मां को पकड़ा, पुलिस ने कराया रेस्क्यू

नवजात मिलने के बाद ग्रामीणों ने उसकी मां को भी पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद छतरपुर पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से मां और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला। दोनों को पहले छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए MMCH भेज दिया।

छतरपुर थाना प्रभारी सौरव चौबे ने बताया कि नवजात को खेत की मेड़ पर छोड़े जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मां और बच्चे को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पारिवारिक परिस्थितियों के कारण महिला ने ऐसा कदम उठाया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने लोगों से अपील की है कि वे घटना को लेकर किसी तरह की अफवाह न फैलाएं।

तीन महिलाओं के नवजात को खेत तक लाने की चर्चा

स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, तीन महिलाएं एक झोले में नवजात को लेकर खेत तक पहुंची थीं। हालांकि, बच्चे के मिलने से पहले ही वे वहां से चली गईं। जिस स्थान पर नवजात मिला, उससे कुछ ही दूरी पर एक मंदिर भी स्थित है। पास में पूजा सामग्री मिलने के कारण भी ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हैं।

पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल मां और नवजात का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

You may also like

Leave a Comment