Table of Contents

साधु का रूप धारण कर महिलाओं को धार्मिक आस्था और पारिवारिक परेशानियों के नाम पर ठगने वाले गिरोह का बोकारो पुलिस ने खुलासा किया है। बीएस सिटी थाना क्षेत्र में हुई ठगी की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बिहार के गया जिले के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से महिला के चोरी हुए सोने के गहनों के साथ पीतल से बने कई लॉकेट, ताबीज और अंगूठियां बरामद हुई हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गया जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र स्थित बेलाडीह गांव निवासी 30 वर्षीय शंभू लाठौर और 25 वर्षीय गया लाल लाठौर के रूप में हुई है। दोनों सज्जन लाठौर के पुत्र हैं।
पारिवारिक परेशानी सुनकर बनाया ठगी का जाल
पुलिस के मुताबिक, 28 अक्टूबर को सुबह करीब 10:30 बजे दोनों आरोपी भिक्षा मांगते हुए कैंप-2 इलाके में सुरेंद्र सिंह के घर पहुंचे थे। वहां उन्होंने उनकी पत्नी बबीता कुमारी से भोजन और भिक्षा मांगी। महिला ने उन्हें घर में खाना खिलाया। इसी दौरान बातचीत में उसने अपनी पारिवारिक समस्याओं का जिक्र किया।
आरोपियों ने महिला की परेशानियों को दूर करने और विशेष आशीर्वाद दिलाने का भरोसा दिया। इसके बाद उन्होंने धार्मिक क्रिया के नाम पर घर में रखे सोने-चांदी के गहने मंगवाए। महिला उनके झांसे में आ गई और अलमारी से सोने का मंगलसूत्र तथा कान के टॉप्स निकालकर उन्हें सौंप दिए।
सोने के गहने की जगह दे दी पीतल की पोटली
आरोपियों ने कथित तौर पर हाथ की सफाई से असली गहने गायब कर दिए और कपड़े में 10 पीतल के लॉकेट बांधकर महिला को थमा दिए। साथ ही उसे शाम पांच बजे से पहले पोटली नहीं खोलने की हिदायत दी। उन्होंने यह कहकर डराया कि समय से पहले पोटली खोलने पर परिवार के साथ अनहोनी हो सकती है।
शाम को पोटली खोलने पर महिला को उसमें सोने के गहनों की जगह पीतल के लॉकेट मिले। ठगी का पता चलने के बाद उसने बीएस सिटी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
रेलवे स्टेशन के पास पकड़े गए आरोपी
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम बनाई। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने बालीडीह रेलवे स्टेशन के पास लगे तंबुओं में छापेमारी की और दोनों को दबोच लिया।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उनकी निशानदेही पर महिला का सोने का मंगलसूत्र और कान के टॉप्स बरामद कर लिए गए। छापेमारी में पीतल के कई लॉकेट, ताबीज और अंगूठियां भी मिली हैं। पुलिस गिरोह की अन्य गतिविधियों और संभावित संलिप्तता की जांच कर रही है।









