झारखंड के वरिष्ठ भाजपा नेता और खूंटी के पूर्व सांसद कड़िया मुंडा को मंगलवार को स्वास्थ्य जांच के लिए देवनिका अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उन्हें अस्पताल के इंटेंसिव केयर यूनिट (ICU) में रखा गया है। पल्मोनोलॉजिस्ट डॉ. रश्मि के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम उनकी सेहत पर नजर रख रही है।

परिजनों के अनुसार, कड़िया मुंडा की हालत फिलहाल स्थिर है। उनके पुत्र जगन्नाथ मुंडा ने बताया कि उन्हें नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल लाया गया था। जांच के दौरान शरीर में सोडियम का स्तर सामान्य से कुछ कम पाया गया। इसके बाद डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज और देखभाल की जा रही है।
अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिलने के बाद उनके समर्थकों और शुभचिंतकों में चिंता देखी जा रही है। इस दौरान उनके पुत्र जगन्नाथ मुंडा और पुत्री हेसेल अस्पताल में उनके साथ हैं। समर्थक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।








