Home » SIR पर विधानसभा में बरसे बाबूलाल मरांडी, सरकार और वित्त मंत्री के आंकड़ों पर उठाए सवाल

SIR पर विधानसभा में बरसे बाबूलाल मरांडी, सरकार और वित्त मंत्री के आंकड़ों पर उठाए सवाल

by उर्वशी शेखर
0 comments

झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर इस मुद्दे को गंभीरता से नहीं लेने और सदन में अधूरी जानकारी देने का आरोप लगाया। उन्होंने वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर के जवाब पर भी सवाल उठाए। मरांडी ने कहा कि पांच नवंबर को सूचना मिलने के बावजूद अब तक मंत्रिपरिषद की बैठक नहीं हुई है। यदि सरकार इस विषय को गंभीर मानती है तो उसे फैसलों और कार्रवाई में भी गंभीरता दिखानी चाहिए।

मतदाता सूची में संदिग्ध नामों का मुद्दा उठाते हुए मरांडी ने राजमहल विधायक मोहम्मद ताजुद्दीन के बयान का जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि जमशेदपुर में अफगानिस्तान के नागरिक मिले हैं, जबकि गढ़वा के एक वीडियो में ईरानी नागरिकों के वर्षों से रहने की बात सामने आई है। मरांडी ने सवाल किया कि भारतीय नागरिकता का प्रमाण नहीं होने के बावजूद इन लोगों के राशन कार्ड, आधार कार्ड और मतदाता पहचान पत्र कैसे बन गए? उन्होंने संबंधित मामलों की जांच कराने की मांग की।

Advertisement 2
Advertisement 2
Advertisement 3
Advertisement 5
Advertisement 5
Advertisement 5
Advertisement 5

फर्जी दस्तावेजों की जांच पर जोर

मरांडी ने बताया कि फर्जी दस्तावेज तैयार करने के आरोप में पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। एक मामले में पिता और बेटे की उम्र के बीच महज एक साल का अंतर दर्ज होने का उदाहरण देते हुए उन्होंने दस्तावेजों की विश्वसनीयता पर सवाल उठाया। उनके अनुसार, ऐसी विसंगतियों की जांच निर्वाचन आयोग को करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए संदिग्ध प्रविष्टियों की पड़ताल जरूरी है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि अवैध रूप से भारत आने वाले लोगों और प्रताड़ना से बचकर शरण लेने वालों को एक श्रेणी में नहीं रखा जा सकता। उनके मुताबिक, बांग्लादेश, अफगानिस्तान और पाकिस्तान से अवैध तरीके से आने वाले लोग घुसपैठिये हैं, जबकि धार्मिक प्रताड़ना के कारण जान बचाकर भारत आने वाले अल्पसंख्यक हिंदू शरणार्थी हैं। उन्होंने इस विषय पर तथ्यों और परिस्थितियों के आधार पर विचार करने की जरूरत बताई।

SIR की समयसीमा पर उठे सवालों का जवाब देते हुए मरांडी ने कहा कि पुनरीक्षण की प्रक्रिया अगस्त में शुरू हुई थी और 15 दिसंबर तक चलेगी। इसके बाद 22 दिसंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जानी है। उन्होंने बताया कि देश में यह प्रक्रिया पहली बार नहीं हो रही है। इसकी शुरुआत 1952 में हुई थी और कांग्रेस शासनकाल में भी कई बार विशेष पुनरीक्षण कराया गया है।

मतदाता सूची से जुड़े आंकड़ों पर भी सवाल

वित्त मंत्री की ओर से सदन में पेश आंकड़ों पर आपत्ति जताते हुए मरांडी ने कहा कि SIR से पहले झारखंड में 2 करोड़ 64 लाख 63 हजार 226 मतदाता थे, जबकि ड्राफ्ट सूची में इनकी संख्या करीब 2 करोड़ 21 लाख रह गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि वित्त मंत्री ने मतदाताओं की संख्या में आई कमी का पूरा ब्योरा सदन के सामने नहीं रखा।

मरांडी के मुताबिक, पुनरीक्षण के दौरान 7 लाख 62 हजार 903 मतदाता मृत पाए गए हैं। वहीं, 15 लाख 92 हजार 194 मतदाता स्थायी रूप से राज्य से बाहर चले गए हैं। करीब 4 लाख 38 हजार 596 मतदाताओं के नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज हैं, जबकि लगभग 14 लाख 50 हजार मतदाताओं का पता नहीं चल पाया है। उन्होंने इन आंकड़ों के आधार पर मतदाता सूची में मौजूद विसंगतियों की गहन जांच की जरूरत बताई।

अंत में मरांडी ने कहा कि SIR कराना न तो असंवैधानिक है और न ही इसका उद्देश्य किसी भारतीय नागरिक के अधिकारों को प्रभावित करना है। उन्होंने इसे मतदाता सूची को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने की प्रक्रिया बताया। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि पुनरीक्षण के दौरान किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं हटना चाहिए।

You may also like

Leave a Comment