झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) 2026 के बाद अब अभ्यर्थियों को प्रारंभिक उत्तर कुंजी का इंतजार है। झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) ने आंसर की तैयार करने और उस पर अभ्यर्थियों की आपत्तियों के निपटारे की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी तेज कर दी है। इसके लिए विषयवार विशेषज्ञों की समितियां गठित की गई हैं। संबंधित शिक्षकों को 1 से 3 दिसंबर 2026 तक जैक कार्यालय में उपस्थित रहकर जिम्मेदारी निभाने का निर्देश दिया गया है।

इस संबंध में जैक सचिव की ओर से आधिकारिक पत्र जारी किया गया है। इसे जेसीईआरटी रांची के निदेशक, सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों और संबंधित प्राचार्यों को भेजा गया है। पत्र में कहा गया है कि परीक्षा के बाद उत्तर कुंजी तैयार करना और उस पर मिलने वाली आपत्तियों का समाधान करना जरूरी है। इसके बाद ओएमआर शीट के मूल्यांकन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
उत्तर कुंजी तैयार करने के लिए जेसीईआरटी, जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालयों और महाविद्यालयों की ओर से नामित शिक्षकों तथा विषय विशेषज्ञों को शामिल कर अलग-अलग समितियां बनाई गई हैं। जैक ने इस पूरी प्रक्रिया में उत्तरों की प्रमाणिकता, पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया है।
परिषद के निर्देश के मुताबिक, संबंधित संस्थानों के प्रमुख समिति में नामित शिक्षकों को 1 से 3 दिसंबर तक कार्य के लिए तत्काल विरमित करें, ताकि वे निर्धारित अवधि में जैक कार्यालय पहुंचकर योगदान दे सकें। उत्तर कुंजी के आधार पर ही अभ्यर्थियों के अंक निर्धारित होंगे, इसलिए शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी और समय पर काम पूरा करना महत्वपूर्ण माना जा रहा है।








