बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। पटना स्थित बिहार म्यूजियम ने दुनिया के 100 बेहतरीन संग्रहालयों की सूची में नौवां स्थान हासिल किया है। ट्रैवल गाइड Worth a Journey की इस रैंकिंग में टॉप-10 में जगह बनाने वाला यह एशिया का एकमात्र संग्रहालय है। इस उपलब्धि के साथ बिहार म्यूजियम ने न्यूयॉर्क के प्रसिद्ध मेट्रोपॉलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट को भी पीछे छोड़ दिया है।

इस सूची में मेक्सिको का Museo Nacional de Antropología पहले स्थान पर है, जबकि स्पेन का Museo del Prado दूसरे और डेनमार्क का Louisiana Museum of Modern Art तीसरे पायदान पर है। रूस, तुर्की, पोलैंड और अमेरिका के प्रतिष्ठित संग्रहालयों को भी शीर्ष 10 में जगह मिली है।
आधुनिक डिजाइन और ऐतिहासिक संग्रह ने दिलाई पहचान
बिहार म्यूजियम को उसकी वास्तुकला और समृद्ध ऐतिहासिक संग्रह के लिए सराहना मिली है। यहां पाषाण काल से लेकर आधुनिक समय तक बिहार के विकास और सांस्कृतिक यात्रा को दर्शाया गया है। संग्रहालय में प्राचीन मूर्तियों, सिक्कों, पांडुलिपियों, पुरातात्विक अवशेषों और लोक कलाओं का विशेष संग्रह है। इसके अलावा बच्चों के लिए अलग गैलरी और क्षेत्रीय कला को समर्पित दीर्घाएं भी बनाई गई हैं।
2015 में हुई थी शुरुआत, जापानी फर्म ने तैयार किया डिजाइन
पटना के नेहरू पथ पर स्थित बिहार म्यूजियम की शुरुआत वर्ष 2015 में हुई थी। पुराने पटना म्यूजियम में ऐतिहासिक वस्तुओं की संख्या अधिक होने और जगह की कमी के कारण एक नए संग्रहालय की जरूरत महसूस की गई थी। इसी उद्देश्य से बड़े परिसर वाले आधुनिक म्यूजियम की योजना तैयार की गई।
अगस्त 2015 में इसकी कुछ दीर्घाएं आम लोगों के लिए खोली गई थीं, जबकि अक्टूबर 2017 में बाकी गैलरियां भी दर्शकों के लिए शुरू कर दी गईं। 13 एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैले इस संग्रहालय की डिजाइनिंग में जापान की प्रसिद्ध वास्तुशिल्प कंपनी Maki & Associates ने अहम भूमिका निभाई है।
दुनिया के टॉप-10 संग्रहालयों में बिहार म्यूजियम की रैंकिंग
| स्थान | संग्रहालय | देश |
|---|---|---|
| 1 | Museo Nacional de Antropología | मेक्सिको |
| 2 | Museo del Prado | स्पेन |
| 3 | Louisiana Museum of Modern Art | डेनमार्क |
| 4 | State Hermitage Museum | रूस |
| 5 | Kunsthistorisches Museum | ऑस्ट्रिया |
| 6 | Şanlıurfa Archaeology Museum | तुर्की |
| 7 | Museum of the Second World War | पोलैंड |
| 8 | National WWII Museum | अमेरिका |
| 9 | Bihar Museum | भारत |
| 10 | Metropolitan Museum of Art | अमेरिका |
वैश्विक स्तर पर मिली यह रैंकिंग बिहार के पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। इससे अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के बीच बिहार म्यूजियम की पहचान और मजबूत होने की उम्मीद है।






