ओडिशा के संबलपुर जिले में विजिलेंस टीम ने रिश्वतखोरी के आरोप में पुलिस के एक सब इंस्पेक्टर को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए तालाब में छलांग लगा दी, लेकिन विजिलेंस अधिकारियों ने पानी में उतरकर उसे पकड़ लिया। गिरफ्तार पुलिसकर्मी की पहचान महुलपाली थाने में तैनात सुजीत कुमार महंता के रूप में हुई है।

विजिलेंस अधिकारियों के मुताबिक, सुजीत महंता ने एक मामले को रफा-दफा करने के बदले शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। वह इस मामले का जांच अधिकारी था। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
थाने के बाहर रिश्वत लेते ही विजिलेंस ने घेरा
आरोपी ने शिकायतकर्ता को पैसे देने के लिए थाने के बाहर एक सुनसान जगह पर बुलाया था। जैसे ही उसने 10 हजार रुपये लिए, पहले से तैनात विजिलेंस टीम ने उसे घेर लिया। अधिकारियों को देखकर सुजीत ने भागने की कोशिश की और पास के तालाब में कूद गया। हालांकि, विजिलेंस कर्मियों ने पीछा करते हुए उसे पानी के भीतर ही पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम ने आरोपी के कार्यालय, सरकारी आवास और अन्य ठिकानों पर तलाशी ली। इस दौरान पुलिस थाने से सटे उसके कमरे से 1.55 लाख रुपये नकद बरामद हुए। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हैदराबाद से विश्वनाथ देहाती की रिपोर्ट








