त्योहारों के मौसम में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हैदराबाद पुलिस की आबकारी टास्क फोर्स ने अवैध पटाखों के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की है। गुरुवार और शुक्रवार को मिली गुप्त सूचनाओं के आधार पर अत्तापुर और मैलार्देवपल्ली के रिहायशी इलाकों में छापेमारी की गई। इस दौरान बिना लाइसेंस पटाखे बनाने और उनका भंडारण करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से पटाखे और विस्फोटक सामग्री भी जब्त की है।
आबकारी टास्क फोर्स और स्थानीय आबकारी पुलिस की टीम ने अत्तापुर के जलाल बाबा नगर में छापा मारा। जांच में कथित तौर पर बिना लाइसेंस और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था के पटाखे बनाने तथा जमा करने का मामला सामने आया। पुलिस ने इस कार्रवाई में जरीना सुल्ताना और मोहम्मद अजहर को गिरफ्तार किया।
मौके से चार बोरी खुले पटाखे, 500 ग्राम पटाखा मसाला पाउडर और 500 ग्राम पोटेशियम पाउडर बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, रिहायशी क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियां आग और विस्फोट की घटनाओं का खतरा बढ़ा सकती हैं।
मैलार्देवपल्ली की दुकान से पटाखों के कार्टन जब्त
दूसरी कार्रवाई मैलार्देवपल्ली के बाबू नगर स्थित ऊपरपल्ली इलाके में की गई। यहां शक्ति ट्रेडर्स नामक थोक दुकान में कथित तौर पर बिना अनुमति पटाखे जमा किए गए थे। आबकारी पुलिस ने दुकान संचालक हाफिज मेधानी को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान सात कार्टन बीड़ी बम, छह कार्टन पॉप्स और तीन कार्टन वंडर पटाखे जब्त किए गए। पुलिस अब जब्त सामग्री और उसके भंडारण से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।
अवैध पटाखों की सूचना देने की अपील
त्योहारों के दौरान आगजनी और अन्य हादसों की आशंका को देखते हुए पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि रिहायशी इलाकों में अवैध रूप से पटाखे बनाने या जमा करने से आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।
पुलिस ने नागरिकों से ऐसे किसी भी ठिकाने की जानकारी मिलने पर तुरंत हैदराबाद सिटी पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचना देने की अपील की है।
हैदराबाद से विश्वनाथ देहाती की रिपोर्ट





