चान्हो में नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने सभी सात आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इससे पहले एक किशोर समेत चार आरोपियों को हिरासत में लेकर न्यायिक प्रक्रिया के तहत भेजा जा चुका था। अब गिरफ्तार किए गए तीन अन्य आरोपियों की पहचान हतनई गांव निवासी बोलेरो चालक विजय पाहन और करगे गांव के मनीष उरांव व विकास महतो के रूप में हुई है।

मामला 15 नवंबर का है। जानकारी के अनुसार, ट्यूशन से लौटने के बाद नाबालिग अपनी सहेली और उसके भाई के साथ घूमने निकली थी। इसी दौरान उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात हुई। घटनास्थल पर मौजूद कुछ अन्य युवकों पर भी छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया गया है।
घटना के बाद पीड़िता के परिजनों ने चान्हो थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने प्राथमिकी के आधार पर जांच शुरू करते हुए त्वरित कार्रवाई की और शुरुआती चरण में तीन युवकों के साथ एक किशोर को पकड़ा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आगे की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की प्रक्रिया जारी रखी।
वहीं, पीड़िता की चिकित्सकीय जांच कराने के साथ मजिस्ट्रेट के समक्ष भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत उसका बयान भी दर्ज कराया गया। सातों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के साथ मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।








