हैदराबाद के राजेंद्र नगर इलाके में आधी रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में पिता और पुत्री की जान चली गई। हादसा मैलार्देवपल्ली थाना क्षेत्र में दुर्गानगर से हसननगर की ओर जाने वाली सड़क पर हुआ।
पुलिस के अनुसार, दोनों एक स्कूटी पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार टिपर लॉरी ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान इस्माइल खान (44) और उनकी पुत्री शफीरा वेग (24) के रूप में हुई है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मैलार्देवपल्ली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए उस्मानिया अस्पताल भेज दिया।
घटना के बाद पुलिस ने दुर्घटना में शामिल टिपर लॉरी को अपने कब्जे में ले लिया है। चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर हादसे की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने तेज रफ्तार को दुर्घटना की मुख्य वजह बताया है।
हैदराबाद से विश्वनाथ देहाती की रिपोर्ट