मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत धनबाद जिले की 3,30,653 महिलाओं को अक्टूबर महीने की आर्थिक सहायता मिल गई है। राज्य सरकार ने प्रत्येक लाभुक के बैंक खाते में 2,500 रुपये की दर से कुल 82 करोड़ 66 लाख 32 हजार 500 रुपये भेजे हैं। भुगतान आधार आधारित प्रणाली के जरिए सीधे बैंक खातों में किया गया है।

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि जिले की पात्र महिलाओं को योजना का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सितंबर महीने की राशि का भुगतान भी लाभुकों को किया जा चुका है।
गोविंदपुर में सबसे ज्यादा महिलाओं को मिला लाभ
जिला प्रशासन के आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर महीने के भुगतान में गोविंदपुर प्रखंड 48,661 लाभुकों के साथ पहले स्थान पर रहा। बाघमारा प्रखंड की 42,405 और झरिया अंचल की 41,244 महिलाओं के खातों में भी राशि भेजी गई है।
इसके अलावा धनबाद अंचल में 29,910, तोपचांची में 26,371, निरसा में 22,833, बलियापुर में 20,622 और कलियासोल में 19,184 महिलाओं को भुगतान किया गया। पुटकी अंचल की 16,997, टुंडी की 16,275 और एग्यारकुंड प्रखंड की 15,981 लाभुकों को भी सम्मान राशि मिली है।
पूर्वी टुंडी समेत अन्य क्षेत्रों में भी भुगतान
अन्य क्षेत्रों में पूर्वी टुंडी की 9,619, बाघमारा अंचल की 7,002 और धनबाद प्रखंड की 6,766 महिलाओं के खातों में पैसे भेजे गए हैं। वहीं, एग्यारकुंड अंचल में 4,905, बलियापुर अंचल में 1,070 और गोविंदपुर अंचल में 808 लाभुकों को योजना की राशि मिली है।
गौरतलब है कि मंईयां सम्मान योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये दिए जाते हैं। इसका उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान करने के साथ घरेलू खर्चों में उनकी भागीदारी बढ़ाना और आर्थिक आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करना है।








