भारतीय सेना में अधिकारी बनने का सपना देख रहे जवानों के लिए आर्मी कैडेट कॉलेज (ACC) में प्रवेश का रास्ता खुल गया है। ACC 10+2-136 और ACC Graduate-136 पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) की आवेदन प्रक्रिया 6 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी 30 नवंबर तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। प्रवेश परीक्षा 4 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी।

सामान्य आवेदन की अंतिम तिथि 30 नवंबर रात 9 बजे है, जबकि परीक्षा शुल्क उसी दिन रात 11:50 बजे तक जमा किया जा सकेगा। निर्धारित समय में आवेदन नहीं करने वाले अभ्यर्थियों को 1 से 3 दिसंबर तक विलंब शुल्क के साथ फॉर्म भरने का अतिरिक्त अवसर मिलेगा। आवेदन में त्रुटि सुधार के लिए 5 और 6 दिसंबर की तारीख तय की गई है।
परीक्षा से जुड़ी अहम तारीखें
| विवरण | निर्धारित तिथि |
|---|---|
| ऑनलाइन आवेदन शुरू | 6 नवंबर 2026 |
| आवेदन की अंतिम तिथि | 30 नवंबर, रात 9 बजे |
| शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि | 30 नवंबर, रात 11:50 बजे |
| विलंब शुल्क के साथ आवेदन | 1 से 3 दिसंबर |
| आवेदन में सुधार | 5 से 6 दिसंबर |
| परीक्षा शहर की जानकारी | 21 दिसंबर |
| एडमिट कार्ड जारी | 28 दिसंबर |
| प्रवेश परीक्षा | 4 जनवरी 2027 |
कंप्यूटर पर होगी तीन घंटे की परीक्षा
प्रवेश परीक्षा कंप्यूटर आधारित होगी। इसमें वस्तुनिष्ठ प्रकार के बहुविकल्पीय सवाल पूछे जाएंगे। अभ्यर्थियों को प्रश्नपत्र हल करने के लिए 180 मिनट मिलेंगे। परीक्षा हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में होगी। ACC की प्रवेश परीक्षा साल में दो बार, जनवरी और जुलाई में आयोजित की जाती है।
श्रेणी के अनुसार आवेदन शुल्क
सामान्य, अनारक्षित, OBC और OBC-NCL वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 1,150 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं SC और ST श्रेणी के उम्मीदवारों को 950 रुपये देने होंगे। अंतिम तिथि के बाद आवेदन करने पर सभी श्रेणियों के अभ्यर्थियों से 500 रुपये अतिरिक्त विलंब शुल्क लिया जाएगा।
शुल्क का भुगतान नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या UPI के माध्यम से किया जा सकता है।
हेल्पलाइन से ले सकते हैं जानकारी
आवेदन, परीक्षा और प्रवेश पत्र से संबंधित किसी भी जानकारी या समस्या के समाधान के लिए अभ्यर्थी NTA से संपर्क कर सकते हैं।
- ईमेल: acccee@nta.ac.in
- हेल्पलाइन: 011-69227700 / 40759000
अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले आधिकारिक अधिसूचना में पात्रता, जरूरी दस्तावेज और अन्य शर्तों की जांच करने की सलाह दी गई है। आवेदन की अंतिम तारीख तक इंतजार करने के बजाय समय रहते प्रक्रिया पूरी करना बेहतर होगा।








