केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र में कार्रवाई कर अवैध कोयला लदे एक ट्रक को जब्त किया है। वाहन से करीब 30 टन कोयला बरामद किया गया है। इसकी अनुमानित कीमत तीन लाख रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई सीसीएल के कथारा एरिया में की गई। मामले में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के तहत कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई है।

CISF को कथारा क्षेत्र में अवैध रूप से कोयले के परिवहन की सूचना मिली थी। इसके आधार पर सीसीएल करगली यूनिट के कमांडेंट राज प्रताप सिंह के निर्देश पर सहायक कमांडेंट धनंजय पांडेय के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। टीम ने कथारा में कार्मेल स्कूल से करीब 500 मीटर दूर हरिजन बस्ती स्थित ईंट भट्ठे के पास कार्रवाई की।
इस दौरान टीम ने ट्रक संख्या NL-01-AC-4676 को जब्त कर लिया। वाहन पर करीब 30 टन कोयला लदा था। CISF ने ट्रक और कोयले को अपने कब्जे में लेकर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
अवैध कोयला परिवहन पर निगरानी जारी
CISF के मुताबिक, कथारा और आसपास के क्षेत्रों में अवैध खनन तथा कोयले के परिवहन पर रोक लगाने के लिए गश्ती और छापेमारी की जा रही है। कमांडेंट के निर्देश पर क्षेत्र में निगरानी अभियान भी चलाया जा रहा है।
बल के अधिकारियों ने बताया कि MMDR एक्ट के तहत प्राप्त अधिकारों के अंतर्गत CISF अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे खनिज को जब्त करने और कानूनी प्रक्रिया शुरू करने के लिए अधिकृत है। अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में अवैध कोयला खनन और परिवहन के खिलाफ निगरानी तथा कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।









