हरियाणा के पंचकूला स्थित एक निजी स्कूल में छह साल की KG छात्रा के साथ हुई हिंसा का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल के ही तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले एक छात्र ने बच्ची को करीब 96 सेकंड तक पीटा। घटना कक्षा में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में बच्ची के सिर और चेहरे पर बार-बार हमला किए जाने के दृश्य दिखाई देने की बात कही गई है। गंभीर रूप से घायल बच्ची को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे चंडीगढ़ स्थित PGI रेफर कर दिया गया।

मामले की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। पंचकूला की DCP अदिति सिंह के अनुसार, शुरुआती जांच में स्कूल प्रबंधन और स्टाफ की लापरवाही सामने आई है। इस संबंध में स्टाफ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं, दोनों बच्चों की स्थिति को ध्यान में रखते हुए जुवेनाइल एक्ट के प्रावधानों के तहत विशेषज्ञों से काउंसलिंग कराई जा रही है।
स्कूल की छुट्टी के बाद बच्ची नहीं मिली, तब खुला मामला
घटना का पता उस समय चला, जब स्कूल की छुट्टी के बाद बच्ची को लेने ऑटो चालक पहुंचा। बच्ची वहां नहीं मिली तो उसने परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिवार के लोग स्कूल पहुंचे और उसकी तलाश शुरू की।
बच्ची के चाचा के मुताबिक, आरोपी छात्र ने परिजनों को बताया कि बच्ची कहां पड़ी है। परिवार के सदस्य वहां पहुंचे तो बच्ची गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली। चाचा ने बताया कि बच्ची के पिता ने उसकी हालत देखी तो वे बेहोश हो गए। परिजन उसे पहले एल्केमिस्ट अस्पताल ले गए। वहां कुछ घंटे इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे चंडीगढ़ PGI रेफर कर दिया। परिवार के अनुसार, बच्ची की हालत में अब कुछ सुधार हुआ है।

CCTV फुटेज में दर्ज हुई मारपीट की पूरी घटना
स्कूल के CCTV फुटेज में कथित तौर पर तीसरी कक्षा का छात्र बच्ची को बेंच पर पटकते और उसके बाल पकड़कर जमीन पर गिराते दिखाई देता है। इसके बाद वह बच्ची के सिर और पेट पर लात मारता है। फुटेज के अनुसार, बच्ची के उठने की कोशिश करने पर छात्र ईंट उठाकर उस पर हमला करता है।
इसके बाद भी हमला जारी रहता है। छात्र बार-बार ईंट से बच्ची के सिर और चेहरे पर वार करता है। वीडियो के अंतिम हिस्से में वह बच्ची के सिर पर फिर हमला करने के बाद वहां से चला जाता है। घटना के दृश्य विचलित करने वाले होने के कारण वीडियो सार्वजनिक नहीं किया जा रहा है।
शिक्षा मंत्री ने जांच कमेटी बनाने की बात कही
मामले पर हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि CCTV फुटेज देखना बेहद मुश्किल है। मंत्री ने घटना की जांच के लिए कमेटी गठित करने की बात कही है।
उधर, सेक्टर-20 थाना प्रभारी यशदीप और जांच अधिकारी प्रदीप कुमार के मुताबिक, सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम स्कूल पहुंची थी। पुलिस स्कूल प्रबंधन और कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। आरोपी छात्र के माता-पिता से भी जानकारी ली जा रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इतनी कम उम्र के बच्चे के व्यवहार के पीछे क्या परिस्थितियां थीं। इसके लिए उसके पारिवारिक और अन्य संबंधित पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
हैदराबाद से विश्वनाथ देहाती की रिपोर्ट









